bareillylive@bareillynews:इज्जतनगर में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग, मानवाधिकार संगठन ने एसपी ट्रैफिक को भेजी शिकायत
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में थाने के सामने से गुजर रहे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों के संचालन को लेकर मानवाधिकार संगठन ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के जिला स्तरीय सदस्य अजय सक्सेना ने पुलिस अधीक्षक यातायात को लिखित शिकायत भेजकर कहा है कि इस मार्ग पर क्षमता से अधिक माल लेकर चलने वाले भारी वाहन लगातार यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है।
शिकायत में बताया गया है कि इज्जतनगर का यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां दिनभर हजारों दोपहिया, चारपहिया और सार्वजनिक वाहन गुजरते हैं।
इसके अलावा आसपास कई विद्यालय, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक आवागमन करते हैं। ओवरलोड वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है।
अजय सक्सेना का कहना है कि कई बार ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर असंतुलित होकर चलते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने मांग की कि यातायात पुलिस इस मार्ग पर नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाए और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
उनका कहना है कि नियमों का सख्ती से पालन कराने से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।






Leave a Reply