The Voice of Bareilly since 2010

रामगंगा नदी में नहाते समय डूबे बीटेक छात्र का शव सात घंटे बाद बरामद

bareillylive@bareillynews:रामगंगा नदी में नहाते समय डूबे बीटेक छात्र का शव सात घंटे बाद बरामद

बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के रामगंगा नदी स्थित रौतापुर घाट पर बुधवार सुबह नहाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक चले सर्च अभियान के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।


जानकारी के अनुसार महोबा गांव निवासी 22 वर्षीय अजय पुत्र दिनेश उर्फ मनोहर लाल बुधवार सुबह अपने दोस्तों के साथ रामगंगा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नदी की तेज धारा में लापता हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई।


सूचना पर अलीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जबकि सुभाषनगर थाना क्षेत्र के टांडा गांव से अनुभवी गोताखोरों को भी तलाश अभियान में लगाया गया।

अभियान की निगरानी के लिए एसडीएम आंवला, सीओ आंवला और एडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि अजय परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं।

वह बीटेक का छात्र होने के साथ जयपुर में नौकरी भी करता था। 22 जुलाई को छुट्टी लेकर वह अपने गांव आया था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने लगातार करीब सात घंटे तक सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!