The Voice of Bareilly since 2010

गुरु पूर्णिमा पर भक्तिमय हुआ सर्वदेव मंदिर परिसर, साईं बाबा व खाटू श्याम का हुआ दिव्य श्रृंगार

Bareillylive : गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं पावन अवसर पर श्री शिरडी साईं-खाटू श्याम सर्वदेव मंदिर में उत्सव का भक्तिमय माहौल रहा। मंदिर के महंत पंडित सुशील कुमार पाठक जी ने बताया कि आज के सभी धार्मिक कार्यक्रमों का प्रारंभ प्रातःकाल बाबा साईंनाथ एवं अन्य प्रभु विग्रहों की मंगला आरती के साथ हुआ। तत्पश्चात् श्री साईं बाबा की भव्य काकड़ आरती संपन्न की गई।

यजमानों ने किया महाअभिषेक व पूजन


आरती के उपरांत मुख्य यजमान संजीव अग्रवाल ने गणेश गायन, श्री एवं दत्तात्रेय भगवान तथा साईं बाबा का विधि-विधान से पूजन एवं महाअभिषेक किया। इस संपूर्ण अनुष्ठान को भव्यता एवं सर्व विधि-विधान से संपन्न कराने में श्री सामवेद संस्कृत महाविद्यालय के आचार्य महेश वेद शर्मा जी का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी धार्मिक कार्य संपन्न कराए।

अलौकिक फूलों और खुशबू से सजा दरबार


आज गुरु पूर्णिमा के खास मौके पर बाबा खाटू श्याम जी का दिव्य श्रृंगार बेंगलुरु और कोलकाता से विशेष रूप से मंगाए गए रंग-बिरंगे फूलों से किया गया। वहीं, साईं बाबा के अनन्य भक्त डॉ. संजीव पटेल ने दिल्ली से रजनीगंधा के ताजे फूल मंगाकर बाबा साईं का अद्भुत और मनमोहक श्रृंगार कराया, जिससे पूरा मंदिर परिसर अलौकिक खुशबू से महक उठा।

महाआरती के बाद विशाल भंडारा, देर शाम तक चला प्रसाद वितरण


मध्याह्न की महाआरती के बाद अपराह्न 1:00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में समाज के सभी विशिष्‍ट जनों तथा आम श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर बाबा साईंनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया व अपनी मनोकामनाएं मांगीं।

यह भंडारा देर शाम तक अनवरत चलता रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बाबा साईं ने अपने जीवन में हमेशा ‘श्रद्धा और सबूरी’ का महामंत्र समाज को दिया था तथा कलियुग में भोजन कराने व अन्नदान को सबसे उत्तम कर्म बताया था।

गणमान्य हस्तियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस पावन अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें कैन्ट विधायक संजीव अग्रवाल, नगर निगम के महापौर डॉ. उमेश गौतम, प्रो. आनंद लखटकिया, प्रो. ए. सी. त्रिपाठी सहित नगर निगम के अनेक पार्षद एवं शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!