bareillylive@bareillynews:बरेली। बैंकॉक में आयोजित आईकेएफ एशिया कॉर्फबॉल-4 चैंपियनशिप 2026 में भारतीय अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले बरेली के दो होनहार खिलाड़ी पारस मिश्रा और संस्कार गंगवार का शहर लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश के साथ-साथ बरेली का भी गौरव बढ़ाया।
तुलसी स्थल मंदिर निवासी पारस मिश्रा और सनराइज कॉलोनी निवासी संस्कार गंगवार के बरेली पहुंचने पर खेल प्रेमियों, परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने नृत्य कर खिलाड़ियों की उपलब्धि का जश्न मनाया और उनका उत्साहवर्धन किया।
स्वागत के बाद दोनों खिलाड़ी तुलसी स्थल मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के महंत नीरज नैन दास ने दोनों खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कॉर्फबॉल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सुमित शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदेश और देश के लिए प्रेरणा हैं तथा उनकी सफलता से अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
पारस मिश्रा और संस्कार गंगवार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वे कड़ी मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर देश और बरेली का नाम विश्व पटल पर रोशन करने का प्रयास जारी रखेंगे।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शहर के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।






Leave a Reply