बरेलीलाइव@bareillynews:पारस शुक्ला को पीलीभीत जिला एवं महानगर कांग्रेस संगठन सृजन अभियान की जिम्मेदारी, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत और बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए संगठन सृजन अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से विभिन्न जनपदों में ऑब्जर्वर एवं कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में निवर्तमान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला को शाहजहांपुर संगठन सृजन अभियान का ऑब्जर्वर/कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पारस शुक्ला को पीलीभीत जिला एवं महानगर कांग्रेस संगठन सृजन अभियान का समन्वयक बनाया गया है।
इन नियुक्तियों के बाद कांग्रेस संगठन में जिला एवं महानगर स्तर पर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। अभियान का उद्देश्य विधानसभा, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। संगठनात्मक बदलावों के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों तथा महानगर/शहर अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
शाहजहांपुर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प
अपनी नियुक्ति पर अजय शुक्ला ने कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में संगठन सृजन अभियान को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
अजय शुक्ला ने बताया कि संगठन सृजन अभियान से जुड़े ऑब्जर्वरों और नवनियुक्त कोऑर्डिनेटरों की महत्वपूर्ण बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के इंद्रा भवन स्थित मुख्यालय में आयोजित की जा रही है। इसके बाद राहुल गांधी द्वारा भी संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। राष्ट्रीय नेतृत्व से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर शाहजहांपुर में अभियान को गति दी जाएगी।
पीलीभीत में पुराने और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर जोर
पारस शुक्ला ने पीलीभीत की जिम्मेदारी मिलने पर राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी संगठनात्मक चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि पीलीभीत में कांग्रेस के वरिष्ठ, अनुभवी और युवा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वरों के साथ समन्वय बनाकर संगठन सृजन अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी आवाज उठाएंगे।
अजय शुक्ला और पारस शुक्ला ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को नई मजबूती और दिशा देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ता एकजुट होकर विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटेंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का काम करेंगे।






Leave a Reply