Bareillylive : लगभग 25 साल के अध्यापन अनुभव के बाद महिलाओं के लिए, महिलाओं द्वारा कुछ करने की दृढ़ मंशा लिए सुश्री स्नेहा श्रीवास्तव ने “दा क्राफ्टर्स” नामक समूह की शुरुआत की है।
समूह की पहल का उद्देश्य महिला स्वावलंबन और स्थानीय हस्तकला को बढ़ावा देना है। इसी संकल्प के साथ “दा क्राफ्टर्स” की पहली प्रदर्शनी सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसमें प्रदर्शनी के सभी स्टॉल और प्रस्तुतियाँ पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित रहीं।
प्रदर्शनी में विभिन्न शिल्पकारों और उद्यमियों ने अपनी कलाकृतियाँ और उत्पाद प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी में शामिल प्रमुख प्रतिभागियों में पलासा द्वारा सुश्री पल्लवी, लखनऊ ने आयुर्वेदिक तेल और उबटन पेश किए, जो प्राकृतिक सामग्री और पारंपरिक विधियों के समन्वय का परिचय कराते हैं।
रूही कैंडल्स की सुश्री प्रीति सक्सेना ने हाथ से बने खूबसूरत और सुगंधित कैंडल्स की रेंज दिखाई, जिन्हें दर्शकों ने खासा सराहा। एन पी आर्ट्स की सुश्री नुपुर खण्डेलवाल ने रेजिन आर्ट के आकर्षक नमूने प्रस्तुत किए, जिनमें घर की सजावट के अंदाज को नई पहचान मिली। वहीं, अलंकारा क्राफ्ट की सुश्री पारुल ने हैंडलूम से बने बुनकरी के समकालीन और पारंपरिक उत्पाद प्रस्तुत किए, जिनकी बुनावट और गुणवत्ता की जमकर तारीफ हुई।
प्रदर्शनी में आए आगंतुकों ने स्थानीय महिलाओं की कला और उद्यमशीलता की प्रशंसा की और कहा कि ऐसी पहलें समुदाय में महिला आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देंगी।
सुश्री स्नेहा श्रीवास्तव ने बताया कि “दा क्राफ्टर्स” आगे भी नियमित कार्यक्रम और कार्यशालाएँ आयोजित कर महिला कारीगरों को मंच प्रदान करेगा। आयोजक उम्मीद जताते हैं कि यह पहल और अधिक महिलाओं को अपने हुनर से आर्थिक रूप से सशक्त करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।






Leave a Reply