bareillylive@bareillynews: बरेली। कृषि उत्पादन मंडी समिति डेलापीर में शुक्रवार को आयोजित समारोह में कैंट विधायक एवं भाजपा के सह-कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत 21 चयनित किसानों को उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान कृषि कार्य के दौरान जान गंवाने वाले आंवला तहसील के मकरंदपुर धाराजीत निवासी किसान लाल करन के पुत्र अरुण को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के तहत तीन लाख रुपये का चेक भी सौंपा गया।
कार्यक्रम में विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने मंडी प्रशासन से पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने और किसी भी जरूरतमंद किसान को लाभ से वंचित न रहने देने की अपील की।
मंडी समिति के सचिव संतोष कुमार ने बताया कि मंडी में अपनी उपज बेचने वाले किसानों को प्रपत्र-6 आर के मूल्य के आधार पर पांच हजार रुपये का कूपन दिया जाता है। इन कूपनों के आधार पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में लकी ड्रॉ कराया गया। ड्रॉ में चयनित किसानों को पावर रिपर, सोलर पावर पैक, 43 इंच एलईडी टीवी, पावर स्प्रेयर, पंपिंग सेट और मिक्सर ग्राइंडर समेत विभिन्न उपहार प्रदान किए गए।
किसानों को बांटे तिरंगे
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने किसानों और मौजूद नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित किया। उन्होंने 15 अगस्त के अवसर पर घरों की छत पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। किसानों ने भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडी समिति सचिव संतोष कुमार, अरुण कश्यप, बहेड़ी मंडी सचिव नरेंद्र गंगवार, आंवला इंस्पेक्टर सतेंद्र यादव, सुमित गंगवार समेत मंडी समिति के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।






Leave a Reply