bareilylive@bareillynews:रामपुर गार्डन में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, सिल्वर लॉ कॉलेज में युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान
बरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैंट विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 125 कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने रामपुर गार्डन में भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने के साथ ही रामपुर बाग स्थित कैंप कार्यालय और पीलीभीत रोड स्थित सिल्वर लॉ कॉलेज में ध्वजारोहण किया।
रामपुर गार्डन से निकली तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चहल-पहल कमेटी की ओर से रामपुर गार्डन से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक संजीव अग्रवाल की अगुवाई में निकली यात्रा में सैकड़ों लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
यात्रा के दौरान रामपुर गार्डन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। युवाओं और क्षेत्रीय लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कैंप कार्यालय पर किया ध्वजारोहण
तिरंगा यात्रा के बाद विधायक संजीव अग्रवाल ने रामपुर बाग स्थित अपने कैंप कार्यालय पर पारंपरिक रूप से ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि देश आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह उन वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
विधायक ने उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अरुण कश्यप, ब्रजेंद्र मिश्रा, प्रदीप गुप्ता, हर्षित गुप्ता, ओम प्रकाश लोधी, डॉ. गौरव गंगवार, गोपाल चंदना समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
सिल्वर लॉ कॉलेज में युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
इसके बाद विधायक संजीव अग्रवाल पीलीभीत रोड स्थित रिठौरा के सिल्वर लॉ कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद शिक्षकों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राष्ट्रगान जन गण मन का गायन किया गया। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर हो गया।
विधायक ने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। कानून और शिक्षा के क्षेत्र में कदम रख रहे युवाओं को संविधान की रक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. नूपुर गोयल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया।






Leave a Reply