The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में पहली बार BDA का भव्य कांवड़ सेवा शिविर, शिवभक्तों के लिए जुटीं सुविधाएं

bareillylive@bareillynews: सुविधा और सम्मान के साथ कांवड़ यात्रियों का स्वागत; भंडारा, विश्राम, चिकित्सा और पुष्पवर्षा की रही व्यवस्था

बरेली। मुख्यमंत्री के कांवड़ शिवभक्तों की सेवा, सुरक्षा और सुविधा के विजन को साकार करते हुए बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने पहली बार कांवड़ यात्रियों के लिए भव्य कांवड़ सेवा एवं विश्राम शिविर का आयोजन किया। BDA उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पाण्डेय, IAS के नेतृत्व में आयोजित शिविर में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिवभक्तों के स्वागत और आतिथ्य ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।

शिविर में पहुंचे कांवड़ यात्रियों के लिए भंडारा और भोजन की व्यवस्था की गई। विशाल जर्मन हैंगर में आरामदायक विश्राम स्थल बनाया गया, जबकि विशेष मेडिकल कैंप के माध्यम से प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रही। शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया और उन्हें विशेष टी-शर्ट वितरित की गईं।

शिविर में केदारनाथ, बद्रीनाथ और रामेश्वरम सहित प्रमुख तीर्थस्थलों की थीम पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए। इन सेल्फी प्वाइंटों ने शिवभक्तों को खासा आकर्षित किया। पुष्पवर्षा और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से शिविर परिसर भक्तिमय नजर आया।

कार्यक्रम में वन एव पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर डॉ उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि पटेल, एमएलसी श्री कुँवर महाराज सिंह सहित मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिविर में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर BDA की पहल की सराहना की।

जनसेवा को विकास कार्यों से जोड़ा

BDA उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन से प्रेरित होकर प्राधिकरण ने पहली बार इस तरह के कांवड़ सेवा शिविर की पहल की है। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी केवल शहर के भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसुविधा, संवेदनशील प्रशासन और सामाजिक दायित्व भी उसकी कार्यशैली का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ शिवभक्त कठिन यात्रा कर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सम्मान करना सौभाग्य की बात है। BDA का प्रयास है कि बरेली से गुजरने वाला प्रत्येक शिवभक्त सुविधा, सम्मान और सुखद स्मृति लेकर आगे बढ़े।

BDA का यह पहला कांवड़ सेवा शिविर जनसेवा, नवाचार और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। आयोजन के माध्यम से ‘सेवा, सुविधा और सम्मान’ की भावना को जमीन पर उतारने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!