bareillylive@bareillynews:सिंधु नगर से शुरू हुई यात्रा, पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर बड़े शिव मंदिर पर हुआ समापन; गूंजे संत रविदास के जयकारे
बरेली। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत रविवार को बरेली में भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली गई। 125 कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने सिंधु नगर स्थित चौराह वाली मठिया से यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं सिर पर पवित्र कलश धारण कर यात्रा की अगवानी की।
यात्रा के दौरान संत रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी से भरे कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इस दौरान पूरे मार्ग में संत रविदास जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सामाजिक समरसता का संदेश देता है संत रविदास जी का जीवन
इस अवसर पर विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता का प्रेरणादायी संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से मुक्त वातावरण बनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संत रविदास जी के विचारों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर गुजरी यात्रा
कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ सिंधु नगर स्थित चौराह वाली मठिया मंदिर से हुआ। इसके बाद यात्रा मौर्य मंदिर, चंद्र नगर स्थित सीताराम मंदिर और बालजति चौराहा होते हुए गुलाबबाड़ी रोड स्थित ब्रह्मदेव त्रिदेव मंदिर पहुंची। यहां से यात्रा सतीपुर के सहसवानी टोला स्थित छोटा शिव मंदिर होते हुए बड़े शिव मंदिर पहुंची, जहां कलश का गरिमापूर्ण विश्राम कराया गया।
यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत किया। श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के जयकारे लगाते हुए सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश दिया।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष उमेश कठेरिया, राममूर्ति मौर्या, पूर्वी मंडल अध्यक्ष जयदीप चौधरी, अरुण कश्यप, पार्षद चंद्रपाल राठौर, राजेश पटेल, अजय रत्नाकर, ठाकुर ओमप्रकाश, सुमित वर्मा, सीपी सिंह, अंजू मिश्रा, पूजा पांडेय, सोनू कश्यप, हरिओम कश्यप और नितेश मौर्या सहित भाजपा महानगर के पदाधिकारी, क्षेत्र के वार्ड पार्षद, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में भाईचारे, समानता और समरसता का संदेश देने का संकल्प लिया।






Leave a Reply