The Voice of Bareilly since 2010

वंदे मातरम देश का प्रेरणा गीत: शरत मिश्रा

वंदे मातरम देश का प्रेरणा

bareillylive@बहेड़ी। नगर के केसर इंटर कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय के अध्यक्ष एवं प्रबंधक शरत मिश्रा ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी को देशहित में कोई अच्छा कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। ‘वंदे मातरम’ देश का गौरव और प्रेरणा का गीत है। इसे सभी को पूरी लय और सम्मान के साथ गाना चाहिए। देश को स्वतंत्र कराने में वंदे मातरम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने अमर शहीदों के बलिदान पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि रेखा मिश्रा ने कहा कि हमें व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर देश को प्राथमिकता देनी चाहिए। तभी हमारा देश निरंतर प्रगति करते हुए विजन-2047 के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा।

टॉपर छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की

मुख्य अतिथि शरत मिश्रा ने बोर्ड परीक्षा की टॉपर छात्राओं कल्पना और संजना को अनुराग मिश्रा छात्रवृत्ति के तहत 12-12 हजार रुपये प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा मंडल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं तथा इको क्लब के विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

विद्यालय में सराहनीय कार्य के लिए शिक्षकों चंद्रभानु सिंह, इंद्रजीत सिंह, जयेन्द्र प्रकाश वर्मा, ओमकार सिंह और आकांक्षा जौहरी को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

‘एक पेड़ देश के नाम’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ देश के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में बेल और नीम के पौधे लगाए गए। इस दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

विद्यालय परिसर में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट और 54 मीटर लंबा तिरंगा समारोह में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंध समिति के अधिकारी बी. रंगनाथन, के.एम. गर्ग, रेखा मिश्रा, रमा रंगनाथन, सुनीता वर्मा, मीनाक्षी कांडपाल, विनय कुमार सिंह, रविंद्र सिंह, अनिल वर्मा, दिलीप देसाई, संजय वर्मा, विमल कुमार माथुर और विकास शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य चंद्रभानु सिंह ने किया। उन्होंने सभी को देश की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!