bareillylive@बरेली। एयरफोर्स स्टेशन के हवाई क्षेत्र में विमानों की उड़ान सुरक्षा को लेकर मंगलवार को मंडलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक हुई। आयुक्त कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में एयरफोर्स के अधिकारियों ने पक्षियों की गतिविधि, ड्रोन, अनधिकृत निर्माण और जलभराव जैसी समस्याओं से विमानों की सुरक्षा को होने वाले खतरे की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
एयरफोर्स अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के आसपास स्थित चावड़, भूड़ा, नैनीताल हाईवे और दिल्ली हाईवे के आसपास बड़ी संख्या में पक्षियों की गतिविधियां रहती हैं। इससे विमानों की उड़ान के दौरान खतरा बना रहता है। नवंबर और दिसंबर में शादी व अन्य आयोजनों में वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ जाता है। इसके अलावा एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले भवनों का निर्माण भी सुरक्षा के लिए चुनौती है।
चावड़ में जलभराव और ड्रेनेज की समस्या दूर करने के निर्देश
बैठक में एयरफील्ड के आसपास जलभराव और जल निकासी की समस्या पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने ग्राम चावड़ में पानी के जमाव और निकासी की समस्या का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही आरआरसी सेंटर के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर इसकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। करमपुर चौधरी में भी पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
एयरफोर्स स्टेशन के आसपास सफाई व्यवस्था बेहतर करने और नियमित रूप से सफाई कराने को कहा गया। क्षेत्र में बढ़ती बंदरों और कुत्तों की संख्या पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने नगर निगम को इन्हें पकड़ने के लिए एक्शन प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
10 किलोमीटर के दायरे में खुले में मीट की दुकानों पर रोक
बैठक में एयरफोर्स क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए बीडीए की अनुमति के बिना आसपास किसी भी तरह के निर्माण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस को क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने और अनधिकृत वेंडरों की दुकानें हटाने को कहा गया। एयरफोर्स क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में मीट आदि की दुकानें खुले में नहीं लगाने और उनसे निकलने वाले अवशेषों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एयरफोर्स क्षेत्र के आसपास बने हाईराइज भवनों की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा गया, ताकि मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
17.5 लाख टन कचरे का हो चुका निस्तारण
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में करीब 21.50 लाख टन कचरा था। इसमें से लगभग 17.50 लाख टन कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। शेष कचरे के निस्तारण का काम भी जारी है। सथरापुर में नया मैनेजमेंट प्लांट बनकर तैयार हो रहा है। इसके शुरू होने के बाद कचरा प्रबंधन की व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।
दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए होगी मॉक ड्रिल
बैठक में प्रशासन और एयरफोर्स के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किसी संभावित दुर्घटना की स्थिति में बचाव एवं प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल कराने की योजना भी बनाई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारेख, एयरफोर्स स्टेशन बरेली के एयर कमांडर सीयूवीआरएओ, स्टेशन एयरोस्पेस सेफ्टी अधिकारी विंग कमांडर मानिक भल्ला, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ग्रुप कैप्टन कर्मकार, प्रशासनिक सुरक्षा निरीक्षण अधिकारी पूर्वी श्रीवास्तव, बरेली एयरपोर्ट के प्रतिनिधि समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






Leave a Reply