Bareillylive : भारतीय मजदूर संघ बरेली की जिला एवं महानगर इकाइयों ने आज सेठ दामोदर स्वरूप पार्क से रैली निकालकर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित 11 तथा 22 सूत्रीय मांगपत्र सौंपे। सभा में संघ के प्रभारी राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल ने बताया कि दो अलग-अलग ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से केंद्रीय व राज्य प्रशासन को दिए गए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 01.01.2026 से आठवें वेतन आयोग की सिफारिश लागू करे, आशा व आशा-सहायिकाओं को क्रमशः कम से कम ₹18,000 व ₹24,000 भत्ते दिए जाएं तथा आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियमित कर न्यूनतम वेतन ₹18,000 सुनिश्चित किया जाए।
सभा में अन्य प्रमुख मांगों में ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन बढ़ाकर ₹7,500 करने व पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम व यूपी पावर कॉरपोरेशन के संविदा कर्मियों को रिक्तियों के अनुसार नियमित करने, पट्टी रेडी दुकानदारों को उचित स्थान देने व उत्पीड़न रोकने की माँग शामिल रही।
साथ ही एनएचएम सहित सभी संविदा कर्मियों की बीमा व वेतन विसंगतियों का समाधान करने, ई-रिक्शा व ऑटो चालकों के लिए स्टैंड देने व पुलिस उत्पीड़न रोकने की भी मांग की गई।
सभा को वरिष्ठ नेता जगदीश शर्मा, विभाग प्रमुख ओ.पी.एन. तिवारी, जिला अध्यक्ष गिरीश पांडे, जिला मंत्री नरेश कुमार सिंह, महानगर महामंत्री नंदन सागर व महानगर अध्यक्ष मनोज सिंह ने संबोधित किया। वक्ताओं ने श्रम कानूनों में परिवर्तन के विरोध, समान काम-समान वेतन व बढ़ती महंगाई के मद्देनजर न्यूनतम वेतन वृद्धि तथा मजदूर-विरोधी प्रावधानों में संशोधन की आवश्यकता पर जोर दिया।
सभा के समापन पर रैली जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंची और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। रैली में प्रदीप कुमार कश्यप, धर्मेंद्र कुमार यादव, प्रदीप शर्मा, नाथूलाल, ओमप्रकाश, सुरेश चंद्र, विष्णु, लीला सिंह, अर्जुन पासवान, बसंत कुमार कश्यप, सुनील, ऋषि सरकार, रविंद्र कुमार, सतीश सिंह व संजय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष गिरीश पांडे ने समापन पर सभी कर्मचारियों व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।






Leave a Reply