bareillylive@bareillynews:117 छात्राएं मिलीं उपस्थित, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
बरेली। उप जिलाधिकारी फरीदपुर विदुषी सिंह ने बुधवार को विकासखंड भुता के ग्राम फैजनगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 198 छात्राएं पंजीकृत मिलीं, जबकि 117 छात्राएं उपस्थित थीं।
एसडीएम ने छात्रावास, भोजन व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण में शौचालयों में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं मिली। वहीं, अतिरिक्त शौचालयों का निर्माण कार्य जारी पाया गया। इस पर उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से भोजन के मेन्यू, पोषाहार और स्वास्थ्य जांच के संबंध में भी जानकारी ली गई। बाहरी व्यक्तियों के परिसर में आने-जाने को लेकर भी छात्राओं से पूछताछ की गई। छात्राओं ने किसी तरह की प्रतिकूल जानकारी नहीं दी।
एसडीएम ने विद्यालय में रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रखरखाव, विद्युत व्यवस्था और विद्यालय के रजिस्टरों को अद्यतन रखने की भी जांच की। अधिकारियों को बताया गया कि 18 अगस्त को छह शिक्षिकाओं ने विद्यालय में कार्यभार ग्रहण किया है।
उप जिलाधिकारी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वार्डन, शिक्षिकाएं और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।






Leave a Reply