The Voice of Bareilly since 2010

तीज महोत्सव में बिखरी संस्कृति की छटा, सरस्वती जगाती बनीं तीज क्वीन

bareillylive@bareillynews: बरेली। हरियाली तीज के अवसर पर श्री जी लेडीज क्लब की ओर से आयोजित चार दिवसीय तीज महोत्सव में बुधवार को उल्लास और उमंग के बीच समापन हुआ। कान्हा श्याम होटल के सभागार में रविवार से बुधवार तक चले आयोजन में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों, गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति और तीज की परंपराओं को जीवंत किया।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही। इसमें महिलाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास व आकर्षक प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों का मन मोह लिया। निर्णायकों के निर्णय के बाद सरस्वती जगाती को वर्ष 2026 की ‘तीज क्वीन’ चुना गया। उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों की मधुर गूंज के साथ नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों ने समारोह में रंग भर दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और श्रृंगार में सजी महिलाओं ने आयोजन की छटा और बढ़ा दी। महिलाओं ने आपसी मेलजोल और सौहार्द के साथ पर्व का आनंद लिया।

आयोजिका वैशाली सिंह ने कहा कि तीज केवल पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का उत्सव है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही एक-दूसरे से जुड़ने और संस्कृति को आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं।

इस अवसर पर प्रिया सक्सेना, रानी सक्सेना, एकता, श्वेता, निर्मला, रीता राय, दीप्ति दास, विजयवाला, मीनाक्षी, अलिका, कामना और गरिमा समेत क्लब की अनेक सदस्याएं मौजूद रहीं। समापन पर वैशाली सिंह ने सभी अतिथियों और सदस्याओं का आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और महोत्सव की यादों को संजोते हुए खुशियां साझा कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!