The Voice of Bareilly since 2010

राज्यपाल से मिले भाजपा के शीर्ष नेता, छात्र आंदोलन समेत राज्य के हालात से कराया अवगत

राज्यपाल से मिले प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष

bareillylive@रांची। झारखंड में जारी छात्र आंदोलन और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बुधवार को लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने राज्य के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों के साथ छात्र आंदोलन से उपजे हालात की जानकारी राज्यपाल को दी और मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया।

भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को बताया कि अपनी मांगों और न्याय की मांग को लेकर प्रदेशभर के छात्र पिछले 24 दिनों से रांची में आंदोलन कर रहे हैं। कई छात्र आमरण अनशन पर हैं और उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप लगाया गया कि सरकार छात्रों की मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है। वार्ता के नाम पर उन्हें केवल आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने राज्यपाल से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने भाजपा नेताओं को आश्वस्त किया कि राज्य में चल रही तमाम गतिविधियों और परिस्थितियों पर उनकी पैनी नजर है। उन्होंने मामले की गंभीरता से अवगत होने की बात कही।

भाजपा नेताओं की राज्यपाल से हुई इस मुलाकात को छात्र आंदोलन के बीच महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!