The Voice of Bareilly since 2010

भाजपा विरोध की राजनीति छोड़कर भविष्य पर ध्यान दें मुसलमान: मौलाना शहाबुद्दीन रजवी

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष

bareillylive@bareillynews:बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुसलमानों से भाजपा और उसके नेताओं के विरोध की राजनीति छोड़कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नकारात्मक चर्चा करने के बजाय मुस्लिम समाज को अपने और अपनी नई पीढ़ी के भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।

प्रेस को जारी बयान में मौलाना ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक मुस्लिम समाज भाजपा के विरोध की राजनीति में उलझा रहा। उनके मुताबिक समाजवादी पार्टी और तथाकथित सेक्युलर दलों के आह्वान पर मुसलमान भाजपा के खिलाफ लामबंद होते रहे, जिसका राजनीतिक लाभ संबंधित दलों को मिला, जबकि मुस्लिम समाज विकास की दौड़ में पीछे चला गया।

उन्होंने कहा कि अब मुसलमानों को अपने राजनीतिक नजरिए में बदलाव लाने की जरूरत है। केवल विरोध करने से समाज की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। शिक्षा, रोजगार, कारोबार और नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सकारात्मक दिशा में काम करना होगा।

सपा पर लगाए दोहरे राजनीतिक रवैये के आरोप

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बार मुस्लिम समाज को भाजपा के खिलाफ आंदोलनों और प्रदर्शनों के लिए उकसाया गया। इसके परिणामस्वरूप लाठियां और मुकदमे मुसलमानों के हिस्से में आए, जबकि राजनीतिक दल अपने हित साधते रहे।

उन्होंने सपा के पुराने राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने भाजपा नेता कल्याण सिंह के साथ मिलकर सरकार बनाई थी और भाजपा के नेताओं को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया था। उन्होंने कहा कि ऐसे राजनीतिक घटनाक्रमों को देखते हुए मुस्लिम समाज को राजनीतिक दलों के कथित दोहरे रवैये को समझने की जरूरत है।

नई पीढ़ी के भविष्य का खाका तैयार करें

मौलाना ने कहा कि मुस्लिम समाज को अब राजनीतिक दलों के कहने पर किसी के खिलाफ खड़े होने के बजाय अपने परिवार और समाज के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चली नकारात्मक राजनीति ने समाज के विकास को प्रभावित किया है।

उन्होंने मुसलमानों से अपील की कि वे राजनीतिक लोगों की चालों को समझें और अपने बच्चों की शिक्षा, रोजगार तथा सामाजिक-आर्थिक विकास पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नई नस्ल के बेहतर भविष्य के लिए समाज को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!