The Voice of Bareilly since 2010

तीज महोत्सव में महिलाओं ने जमकर किया डांस, गेम्स में दिखाया उत्साह

लेडीज क्लब ने धूमधाम से मनाया तीज महोत्सव डांस

bareillylive@bareillynews:बरेली। डीडी पुरम स्थित एक स्थानीय रेस्टोरेंट में लेडीज क्लब की ओर से तीज महोत्सव का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्य महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर हिस्सा लिया और सावन के पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम का संचालन नीतू गुप्ता ने किया। उन्होंने अपनी रोचक और उत्साहपूर्ण प्रस्तुति से कार्यक्रम में खूब रंग जमाया। महोत्सव की शुरुआत तीज और सावन के पारंपरिक गीतों से हुई। इसके बाद महिलाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। विभिन्न मनोरंजक खेलों में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

क्लब की वरिष्ठ सदस्य दीक्षा सक्सेना और शिखा सक्सेना ने तीज पर्व के सांस्कृतिक महत्व पर विचार रखे। दीक्षा सक्सेना ने कहा कि तीज भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन महिलाओं को साथ आने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर देते हैं। शिखा सक्सेना ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच सहेलियों के साथ इस तरह के आयोजन नई ऊर्जा और ताजगी का एहसास कराते हैं।

महोत्सव के दौरान महिलाओं ने विभिन्न फन गेम्स में हिस्सा लिया। स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया गया। कार्यक्रम में सेल्फी का भी खासा क्रेज नजर आया। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ तस्वीरें खिंचवाकर यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।

अंत में नीतू गुप्ता और क्लब की वरिष्ठ सदस्यों ने सभी का आभार जताया और तीज की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मंजू, अंजू, बबीता, शिखा, निधि, जया, ज्योति, मनीषा, अनिता, दीक्षा, मीनू अग्रवाल, नीलू, शशी, किरन और आशिका सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!