Bareillylive: नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान” के तहत आज जिले के तीन विद्यालयों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान, जिसका लक्ष्य पूरे भारत में 10 करोड़ प्रतिज्ञाएँ लेना है, 6 से 20 अगस्त 2026 तक चलाया जा रहा है।
ब्रह्माकुमारी नीता दीदी, पारुल दीदी, जया बहन, लवली बहन, अंजली बहन, महेश भाई, डॉ. रामकुमार भाई, अशोक भाई व पीयूष भाई की टीम ने मनोहर भूषण इंटर कॉलेज, गुलाब राय इंटर कॉलेज तथा रानी महालक्ष्मी बाई सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का क्रमशः दौरा कर विद्यार्थियों व शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। टीम ने औषधीय व गैर-औषधीय नशों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त जीवन के लाभों को उजागर किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ, मानसिक शांति, उज्ज्वल करियर व सुरक्षित परिवार के लिए नशे से दूर रहने की अहमियत समझाई गई। उन्हें स्वयं नशे से बचने और अपने परिवार व मित्रों को भी प्रेरित करनें की प्रतिज्ञा दिलाई गई। उपस्थित छात्रों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही स्कूलों के प्रधानाचार्यों को संस्था की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

ब्रह्माकुमारी टीम ने कहा कि यह पहल केवल व्यक्तिगत बचाव नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का भी साधन है, जिससे एक स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समुदाय में सकारात्मक संदेश फैलाने पर जोर दिया गया। संस्था का मानना है कि सतत् प्रयासों से आने वाली पीढ़ियाँ नशामुक्त और सशक्त बनेंगी।






Leave a Reply