The Voice of Bareilly since 2010

घर से उद्यमी तक: चैम्बर की महिला विंग ने दिया मंच, महिलाएँ बनीं प्रेरणा

घर से उद्यमी तक चैम्बर की महिला विंग ने दिया मंच

Bareillylive: सेन्ट्रल यू.पी. चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन की महिला विंग द्वारा बरेली क्लब में आयोजित “शगुन से स्टार्टअप तक” कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने हुनर, व्यवसाय और सफलता की कहानियाँ साझा कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य घर से काम करने वाली महिलाओं, स्वतंत्र उद्यमियों, पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं तथा सामाजिक और रचनात्मक क्षेत्रों की महिलाओं को एक मंच प्रदान कर उन्हें अपने अनुभव, चुनौतियाँ और उपलब्धियाँ साझा करने के अवसर देना था।

लेडीज विंग की चेयरपर्सन श्रीमती अमिता अग्रवाल ने कहा कि चैम्बर महिलाओं को अपने व्यवसाय और विचारों को निखारने का मौका देता है ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “मेरी कहानी 180 सेकंड में” सत्र रहा, जिसमें प्रतिभागी महिलाओं ने तीन मिनट में अपने व्यवसाय की शुरुआत, संघर्ष और भविष्य की योजनाएँ प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम में स्नेही अग्रवाल ने अपने बुटीक व्यवसाय की यात्रा, श्रद्धा खंडेलवाल ने भगवानों की पोशाक बनाने के अपने विशेष हुनर, निधि अग्रवाल ने अपने पेशेवर अनुभव, आंचल अग्रवाल ने कनक धारा घी से जुड़े व्यवसाय की कहानी और दीक्षा गोयल ने स्पाइसविस्टा कॉरपोरेशन के माध्यम से अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए। वैष्णवी ने रचनात्मक कार्यों के अनुभव बताये, साक्षी गोयल ने अपने एनजीओ के माध्यम से चल रहे सामाजिक प्रयासों पर प्रकाश डाला, शिरीन अग्रवाल ने पेशेवर सफर साझा किया और भावना ने बच्चों की शिक्षा व सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में ज्ञानवर्धक व मनोरंजक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिचय, संवाद और सहयोग के माध्यम से प्रतिभागियों को एक-दूसरे के कार्य जानने और नए व्यावसायिक संबंध बनाने का अवसर मिला।

श्रीमती अमिता अग्रवाल ने अंत में कहा कि उनका लक्ष्य महिलाओं को जोड़ना, सशक्त बनाना और सहयोग के माध्यम से आगे बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!