The Voice of Bareilly since 2010

बारावफात को लेकर प्रशासन अलर्ट, तय रूट से ही निकलेगा जुलूस

बारावफात को लेकर प्रशासन अलर्ट तय रूट से ही निकलेगा जुलूस

bareillylive@bareillynews:डीएम-एसएसपी ने पीस कमेटी की बैठक में दिए निर्देश, नई परंपरा पर रोक; माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बरेली। ईद-ए-मिलाद-उल-नबी (बारावफात) को सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार को आईएमए हाल में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में 24 और 25 अगस्त को निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और अंजुमनों के पदाधिकारियों से जानकारी ली गई।

बैठक में जुलूस के रास्ते में आने वाली समस्याओं को लेकर थानावार जानकारी ली गई। लोगों ने जुलूस मार्ग पर गड्ढे, बिजली के तारों को ऊंचा कराने और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का समय से निस्तारण कराने के निर्देश दिए, ताकि जुलूस के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने की अपील

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि बरेली के लोगों ने हाल के दिनों में सामाजिक सौहार्द की मिसाल कायम की है। इसके लिए सभी लोग बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जिले की गंगा-जमुनी तहजीब को हर हाल में बरकरार रखा जाएगा। उन्होंने हाजी सुब्हानी मियां के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की, ताकि वह जुलूस की अगुवाई कर सकें।

डीएम ने कहा कि जिस तरह उर्स और श्रावण माह के आयोजनों को आपसी समन्वय से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया, उसी तरह बारावफात और श्रावण के चौथे सोमवार को भी सभी लोग मिलकर सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि पीस कमेटी की बैठक में उठाई गई समस्याओं को निर्धारित समय में दूर कराया जाएगा।

निर्धारित रूट से ही निकलेगा जुलूस

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाला जाए। किसी भी तरह की नई परंपरा शुरू न की जाए। अंजुमनों से समय पर पहुंचने और निर्धारित समय पर जुलूस निकालने की अपील की गई। साथ ही जुलूस मार्गों की साफ-सफाई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

पांच जिम्मेदार लोगों के नाम देने होंगे

एसएसपी अनुराग आर्य ने श्रावण माह में उर्स के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संवाद के जरिए बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने श्रावण के चौथे सोमवार और ईद-ए-मिलाद-उल-नबी के जुलूस को भी आपसी समन्वय से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।

एसएसपी ने बताया कि सभी अंजुमनों से पांच जिम्मेदार लोगों के नाम मांगे जा रहे हैं। किसी तरह की समस्या होने पर इन लोगों से सीधे समन्वय किया जाएगा।

डीजे की ऊंचाई को लेकर भी निर्देश

एसएसपी ने निर्देश दिए कि डीजे की लंबाई-चौड़ाई और ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे। उन्होंने गैर-परंपरागत रूट से जुलूस निकालने पर रोक लगाई। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति ने माहौल खराब करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी ऐसी कोई पोस्ट न करने की अपील की गई, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर ईशिता किशोर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, स्थानीय नागरिक, अंजुमन के पदाधिकारी और जुलूस आयोजक भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!