The Voice of Bareilly since 2010

9 सितंबर को बरेली में सछास का ‘छात्र न्याय मार्च’, 32 करोड़ टैक्स समेत 16 मांगों पर गरजेंगे छात्र

9 सितंबर को बरेली में सछास का ‘छात्र न्याय मार्च

bareillylive@bareillynews:बरेली। समाजवादी छात्र सभा (सछास) ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर 9 सितंबर को बरेली में ‘छात्र न्याय आंदोलन’ आयोजित करने का ऐलान किया है। सपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सछास के जिला अध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने बताया कि बुधवार, 9 सितंबर को सुबह 10:30 बजे बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण छात्र न्याय मार्च निकाला जाएगा।

अविनाश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में छात्रसंघ चुनावों पर रोक, प्राथमिक स्कूलों को बंद या मर्ज करने का फैसला, बरेली कॉलेज पर करीब 32 करोड़ रुपये के टैक्स का बोझ, आजाद छात्रावास की बदहाली और लगातार बढ़ रही फीस जैसे मुद्दे छात्रों के हितों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर छात्र न्याय मार्च के जरिए सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।

छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग

सछास के महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं। उन्होंने सरकार से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग करते हुए छात्रों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की।

16 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

समाजवादी छात्र सभा ने छात्र हितों से जुड़ी 16 सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें प्रमुख रूप से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, 29 हजार प्राथमिक स्कूलों को बंद या मर्ज करने का फैसला वापस लेने, बरेली कॉलेज का 32 करोड़ रुपये का टैक्स माफ करने और आजाद छात्रावास को दोबारा शुरू करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा फीस वृद्धि वापस लेने, खाली पदों पर भर्ती करने, अग्निवीर योजना समाप्त कर स्थायी भर्ती शुरू करने, पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाने, लंबित छात्रवृत्ति जारी करने और UPSRTC में छात्रों को 75 प्रतिशत स्टूडेंट बस पास देने की मांग भी शामिल है।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अविनाश मिश्रा ने कहा कि छात्र न्याय मार्च के माध्यम से सरकार को छात्रों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को कलेक्ट्रेट से लेकर शासन स्तर तक और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!