:बरेली@bareillylive:बरेली। कुतुब-ए-बरेली हजरत शाहदाना वली रहमतुल्लाह अलैह के उर्स की तकरीबात के दौरान शनिवार को मजार-ए-मुबारक पर कुरआनख्वानी और गुस्ल-ए-मुबारक के साथ कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। दिनभर दरगाह पर अकीदतमंदों की भीड़ रही। जायरीन ने चादर और गुलपोशी कर मन्नत-मुरादों की आरजियां पेश कीं। इस दौरान मुल्क में अमन, भाईचारे, कौमी एकता और खुशहाली की दुआ की गई।
इसी क्रम में सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव, जिला उपाध्यक्ष हुरिया रहमान, कोषाध्यक्ष शशि चंद्रा, जिलाध्यक्ष ममता सागर, जिला महासचिव मिथलेश आर्य और सचिव शाहीन बी समेत अन्य पदाधिकारियों ने दरगाह पर चादर व गुलपोशी की। इत्र पेश कर मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी।
फनकारों ने सजाई रंग शरीफ की महफिल
नमाज-ए-जुहर के बाद फनकार निजाम साबरी ने रंग शरीफ की महफिल सजाई। नमाज-ए-असर के बाद शहजादे तहसीन-ए-मिल्लत हजरत सूफी रिजवान रजा खान ने हजरत केले शाह बाबा के कुल शरीफ की फातिहा पढ़ी।
दरगाह के मुतवल्ली अब्दुल वाजिद खान नूरी उर्फ बब्बू मियां ने हिंदुस्तान में भाईचारा, कौमी एकता, अमन-ओ-सलामती, कामयाबी और खुशहाली के लिए दुआ की। इसके साथ ही बीमारों की शिफा और बेरोजगारों को रोजगार मिलने की भी दुआ मांगी गई। इसके बाद जानशीन तहसीन-ए-मिल्लत हजरत शोएब रजा खान ने मजार-ए-मुबारक पर सलातो-सलाम का नजराना पेश किया।
सदर यूसुफ इब्राहीम ने हाजिरी देने वाले जायरीन को कुल शरीफ का तबर्रुक वितरित किया। नमाज-ए-मगरिब के बाद चंदा मियां अशरफी ने मिलाद-ए-पाक की महफिल सजाई। इसमें बुजुर्गाने-दीन की रूहानी जिंदगी पर रोशनी डाली गई।
जायरीन के लिए लंगर का इंतजाम
उर्स में आने वाले जायरीन के लिए दरगाह परिसर समेत विभिन्न स्थानों पर लंगर की व्यवस्था की गई। देर रात तक अकीदतमंदों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
देर रात तक सजी महफिल-ए-समा
रात करीब 10 बजे से महफिल-ए-समा का आयोजन शुरू हुआ। इसमें दूर-दराज से आए फनकार निजाम साबरी और यूसुफ सुल्तानी ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक जायरीन महफिल-ए-समा में मौजूद रहे।
उर्स में मौलाना आलाउद्दीन, मिर्जा शाहाब बेग, गुल्लन खां, सलीम रजा, गफूर पहलवान, जावेद खां, मिर्जा मुकर्रम बेग, अब्दुल सलाम नूरी समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।






Leave a Reply