The Voice of Bareilly since 2010

काया बंधु अस्पताल में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 108 मरीजों को मिला परामर्श

bareillylive-काया बंधु अस्पताल में नि शुल्क

विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य और महिला रोगों पर भी मिला परामर्श

बरेली@bareillylive:बरेली। अभयपुर क्षेत्र स्थित काया बंधु अस्पताल में शनिवार, 19 सितंबर को एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 108 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। विभिन्न विभागों के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया।

शिविर में डॉ. असीम मजूमदार, डॉ. दिनेश विश्वास, डॉ. कल्पना वघेल और डॉ. आलोकिक ने मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। पैथोलॉजी विभाग में अजय वर्मा तथा फार्मेसी विभाग में बॉबी विश्वास ने सेवाएं दीं।

शिविर के दौरान सभी मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मरीजों को आवश्यक काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई गई। सर्जरी विभाग में डॉ. असीम मजूमदार ने मरीजों की जांच कर जरूरत के अनुसार सर्जरी से जुड़ी प्रक्रिया और उपलब्ध विकल्पों के बारे में जानकारी दी।

महिला स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को डॉ. कल्पना वघेल ने परामर्श एवं चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, काया बंधु अस्पताल पिछले छह वर्षों से जनहित और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। अस्पताल में मरीजों को नि:शुल्क ओपीडी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है, जबकि केवल 10 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक रेडियोलॉजी सेवाओं में मरीजों को करीब 50 से 70 प्रतिशत तक की छूट दी जाती है।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों तक सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत भविष्य में भी स्वास्थ्य शिविर और अन्य जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!