The Voice of Bareilly since 2010

तहसील बहेड़ी में अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ, स्वयं सहायता समूह की दीदियां संभालेंगी जिम्मेदारी

bareillylive-तहसील बहेड़ी परिसर में अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा

बरेली@bareillylive:बरेली, 19 सितंबर। तहसील बहेड़ी परिसर में शनिवार को अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन का भव्य शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने फीता काटकर कैंटीन का विधिवत उद्घाटन किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत संचालित होने वाली इस कैंटीन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी गई है।

अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन का संचालन CLF आजाद प्रेरणा महिला संकुल संघ के अंतर्गत छह स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।

शुभारंभ कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत शुरू की गई यह प्रेरणा कैंटीन स्वच्छ, पौष्टिक और किफायती भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अन्नपूर्णा मॉडल के तहत कैंटीन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की प्रशिक्षित दीदियों को दी गई है। तहसील परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता और आमजन अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कैंटीन के माध्यम से परिसर में ही उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन, चाय और नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। कैंटीन से होने वाली आय सीधे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के खातों में जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की दीदियां अब केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उद्यमी बनकर आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह कैंटीन स्वाद के साथ-साथ स्वावलंबन का भी प्रतीक है। उन्होंने तहसील के कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आमजन से कैंटीन को सहयोग देने की अपील की।

कैंटीन में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके संचालन से जहां तहसील परिसर में आने वाले लोगों को सुविधाजनक और किफायती भोजन उपलब्ध होगा, वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए नियमित आय का नया माध्यम भी तैयार होगा।

शुभारंभ अवसर पर तहसील के अधिकारी-कर्मचारी, ब्लॉक मिशन प्रबंधक, स्वयं सहायता समूह की दर्जनों दीदियां और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!