बरेली@bareillylive:बरेली। मॉडल कंपोजिट विद्यालय जसोली में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ थीम पर ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषण के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपने विचार और कल्पनाएं प्रस्तुत कीं। मुख्य अतिथि कैंट विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संजीव अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उनके नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के विचारों, कल्पनाओं और सपनों में दिखाई देने वाला भारत ही आने वाले समय की दिशा तय करेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षित होकर देश की प्रगति में योगदान देना होगा। आर्थिक शक्ति बनने के साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों के समुचित विकास के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत की प्रगति का आधार ऐसे ही प्रतिभाशाली विद्यार्थी होंगे, जो समृद्ध, सुरक्षित, शक्तिशाली, विकसित और अखंड भारत के निर्माण में योगदान देंगे।
जोया फातिमा प्रथम, शिवांगी ने अंग्रेजी भाषण से जीता पुरस्कार
चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा आठ की जोया फातिमा ने प्रथम, कक्षा सात की इलमा ने द्वितीय तथा कक्षा चार की शिवांगी और कक्षा आठ के पवन कुमार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा पांच की शिवन्या को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
वहीं कक्षा चार की छात्रा शिवांगी ने अंग्रेजी में भाषण देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया और भाषण प्रतियोगिता में विजेता बनीं। मुख्य अतिथि ने विजेता विद्यार्थियों को कलर किट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्रतियोगिता के बाद कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विद्यार्थियों के साथ विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि मां के नाम लगाया गया पौधा मातृभूमि और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। पौधरोपण की आदत बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में प्रदेश परिषद सदस्य शिशुपाल कठेरिया, महानगर उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अमरीश कठेरिया, पार्षद सागर मौर्या, नगरीय खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार, प्रधान अध्यापिका नीरजा सक्सेना, एआरपी मदन मोहन उपाध्याय, संकुल शिक्षक प्रत्यूश प्रसून, संदीप वर्मा, सुलेखा अवस्थी, अदीबा फारमा, प्रियंका सक्सेना, कृष्ण गोपाल, संजीव कुमार, सदफ जफरा रिजवी सहित शिक्षक मौजूद रहे।






Leave a Reply