The Voice of Bareilly since 2010

UPI पर प्रस्तावित MDR व्यवस्था का पूर्व सांसद और पूर्व मेयर ने किया विरोध

bareillylive-UPI पर प्रस्तावित MDR व्यवस्था का पूर्व सांसद और पूर्व मेयर ने किया विरोध

पीएम मोदी और सीएम योगी को पत्र भेजकर छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ न डालने की मांग

बरेली@bareillylive

बरेली@bareillylive:बरेली। यूपीआई से होने वाले व्यापारी लेन-देन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) व्यवस्था को लेकर पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन और पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने विरोध जताया है। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि नई लागत लागू होने से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।

पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने कहा कि आम नागरिक और छोटे व्यापारी पहले से ही महंगाई, विभिन्न करों और शुल्कों के दबाव में हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान से जुड़ी अतिरिक्त लागत छोटे कारोबारियों की आय और व्यापार को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों की तुलना में छोटे दुकानदारों के लिए अतिरिक्त लागत वहन करना अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि सरकार लगातार डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दे रही है। ऐसे में छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका विरोध यूपीआई व्यवस्था से नहीं, बल्कि प्रस्तावित MDR के कारण व्यापारियों पर पड़ने वाले संभावित आर्थिक प्रभाव को लेकर है।

दोनों नेताओं ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित MDR व्यवस्था पर पुनर्विचार करने और छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के हित में वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री से प्रदेश के व्यापारियों की चिंता को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!