The Voice of Bareilly since 2010

डीएम की अध्यक्षता में बहेड़ी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, मौके पर बने राशन कार्ड

bareillylive-डीएम की अध्यक्षता में बहेड़ी तहसील

बरेली@bareillylive:बरेली, 19 सितंबर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील बहेड़ी सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करें।

समाधान दिवस में चकबंदी, पूर्ति विभाग, आवास, भूमि, राजस्व, पेंशन और सड़क समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। विकासखंड दमखोदा की ओर से ग्राम मुरारपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय को दोबारा खुलवाने का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

चकबंदी कानूनगो पर रुपये मांगने का आरोप

तहसील बहेड़ी के ग्राम बांकौली निवासी ने चकबंदी कानूनगो पर 20 हजार रुपये मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर चक के गाटों में अनावश्यक परिवर्तन करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को तत्काल प्रकरण का संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

मोहल्ला शाहगढ़ निवासी की राशन कार्ड न होने की शिकायत पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को पात्रता के अनुसार राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम मुरारपुर उर्फ मुरचौड़ा निवासी ने भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने, हल्का लेखपाल द्वारा मामले में टालमटोल करने और अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के कुर्रा बंटवारा संबंधी आदेश का अनुपालन न होने की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार न्यायिक और संबंधित राजस्व निरीक्षक को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई तथा भूमि का कुर्रा बंटवारा कराने के निर्देश दिए।

मौके पर बनाए गए दो राशन कार्ड

जिलाधिकारी के निर्देश पर पात्रता के आधार पर मौके पर ही दो लोगों के राशन कार्ड बनाकर उपलब्ध कराए गए। इससे लाभार्थियों को तत्काल राहत मिली।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ

समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कैंटीन के सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप जिलाधिकारी बहेड़ी गोपाल शर्मा, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, सीओ अरुण कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!