बरेली@bareillylive:फतेहगंज पश्चिमी। सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई कर नौगवां निवासी अरविंद मौर्य ने लोको पायलट पद पर चयन हासिल कर परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया। इज्जतनगर मंडल में चयन होने के बाद यूनिक मॉडल इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधक रमन कुमार जायसवाल और प्रधानाचार्य जसवीर सिंह ने अरविंद को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
अरविंद ने कक्षा चार से 12वीं तक की पढ़ाई इसी विद्यालय से पूरी की। वर्ष 2017 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में उन्होंने 79 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। विद्यालय परिवार के अनुसार अरविंद पढ़ाई के दौरान अनुशासित और मेधावी छात्र रहे हैं। सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य जसवीर सिंह के अलावा अरविंद के पिता ऋषिपाल मौर्य और मां रूपा मौर्य मौजूद रहीं।
माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
अरविंद ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बेटे की सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है।
अरविंद के पिता ऋषिपाल मौर्य सीमित आमदनी में परिवार का पालन-पोषण करते हुए बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते रहे। करीब 15 वर्ष पहले वह साइकिल से बरेली के शास्त्री मार्केट स्थित मेडिकल एजेंसी में काम करने जाते थे। वर्तमान में वह परसाखेड़ा स्थित प्लाईवुड फैक्टरी में मजदूरी करते हैं और आज भी साइकिल से ही काम पर जाते हैं।
पिता इंटर की पढ़ाई पूरी नहीं कर सके, बेटे ने हासिल किया मुकाम
ऋषिपाल मौर्य अपनी इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी नहीं कर सके, जबकि अरविंद की मां रूपा मौर्य इंटर पास हैं। बेटे के लोको पायलट पद पर चयन से माता-पिता बेहद खुश हैं। ऋषिपाल मौर्य ने बेटे की सफलता पर विद्यालय प्रबंधक और प्रधानाचार्य का आभार जताया।
विद्यालय परिवार ने अरविंद की सफलता को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया और कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर सीमित संसाधनों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।






Leave a Reply