सेवा संकल्प अभियान के तहत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने लगाई आकर्षक प्रदर्शनी
बरेली@bareillylive:बरेली, 19 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के तहत बरेली कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से आकर्षक चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है।
प्रदर्शनी में सेवा, सुशासन, विकास, जनकल्याण, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल प्रगति और पर्यावरण संरक्षण समेत विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को चित्रों और प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को शासन की योजनाओं, विकास कार्यों तथा नागरिक हित में संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी सरल और सहज तरीके से उपलब्ध कराना है। इसमें जनपद बरेली में विभिन्न क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।
चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंच रहे नागरिक योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इसके माध्यम से शासन की उपलब्धियों और जनहितकारी प्रयासों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
जनभागीदारी और जागरूकता बढ़ाने का माध्यम
“सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित यह चित्र प्रदर्शनी जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बन रही है। अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जनपद में विभिन्न जनजागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।






Leave a Reply