जयकारों के साथ कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने गणपति को दी विदाई

bareillylive-जयकारों के साथ कैंट विधायक संजीव अग्रवाल

श्री गंधेश्वरनाथ शिव मंदिर से निकली गणेश विसर्जन यात्रा, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

बरेली@bareillylive:बरेली। गणेश महोत्सव के समापन पर रविवार को गंगापुर स्थित श्री गंधेश्वरनाथ शिव मंदिर से गणेश विसर्जन यात्रा निकाली गई। सनातन धर्म स्वागत समिति की ओर से आयोजित विसर्जन यात्रा को कैंट विधानसभा विधायक एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे।

विसर्जन यात्रा रवाना होने से पहले विधायक संजीव अग्रवाल ने विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के बीच भगवान गणपति का पूजन और आरती की। इसके बाद गणपति की प्रतिमा को विसर्जन के लिए रवाना किया गया। यात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्ति में झूमते-गाते नजर आए। अबीर-गुलाल की बौछार के बीच वातावरण भक्तिमय और उत्साह से सराबोर रहा।

इस अवसर पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि गणेश महोत्सव आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। श्रद्धाभाव से बड़ी संख्या में लोगों का शामिल होना हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गणपति की विदाई भावुक करने वाली होती है, लेकिन भगवान गणेश का आशीर्वाद सदैव जीवन में मार्गदर्शन देता रहेगा।

विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु गणपति की भक्ति में लीन होकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।

इस दौरान महानगर उपाध्यक्ष अमरीश कठेरिया, पं. दीनदयाल मंडल अध्यक्ष कन्हैया राजपूत, कालीबाड़ी मंडल अध्यक्ष बृजेश मिश्रा, हर्षित गुप्ता, भगवान स्वरूप, निरंजन, निखिल राजपूत समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!