CM ग्रिड योजना की समीक्षा, निर्माण गुणवत्ता की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
बरेली@bareillylive:बरेली। डीडी पुरम क्षेत्र में CM ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों से उत्पन्न समस्याओं को लेकर पूर्व प्रवक्ता समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश मयंक शुक्ला के नेतृत्व में रविवार को धरना दिया गया। धरने में स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए योजना के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा और निर्माण व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
धरने को संबोधित करते हुए मयंक शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई कम होने, फुटपाथ के निर्माण और सड़क के स्वरूप में बदलाव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे जाम की समस्या बढ़ने के साथ ही दुकानदारों के कारोबार और आम नागरिकों के आवागमन पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि डीडी पुरम क्षेत्र से जुड़े पार्षद, मेयर, विधायक, कैबिनेट मंत्री और सांसद भाजपा से हैं, इसके बावजूद क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने CM ग्रिड योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की दोबारा समीक्षा की मांग की।
धरने के दौरान सड़क की पर्याप्त चौड़ाई बनाए रखने, फुटपाथ के स्वरूप की समीक्षा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई गई। साथ ही आरोप लगाया गया कि जिस ठेकेदार पर समय से काम पूरा नहीं करने के कारण नोटिस और पेनल्टी की कार्रवाई की गई थी, उसे पहले चरण का काम पूरा हुए बिना दोबारा कार्य दिए जाने की बात सामने आ रही है। प्रदर्शनकारियों ने इस पूरे मामले की जांच कराने और यदि अनियमितता प्रमाणित हो तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
‘जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर हों विकास कार्य’
पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए होने चाहिए। किसी भी योजना के क्रियान्वयन में स्थानीय लोगों की समस्याओं और यातायात व्यवस्था का ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
अशोक शुक्ला सीए, राजेश मलिक और तेजपाल सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि CM ग्रिड योजना के अव्यवस्थित कार्यों के कारण क्षेत्र का व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों को राहत देने की मांग की।
धरने में पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, अनुज गंगवार, भुवनेश यादव, विक्रांत सिंह पाल, दीपक यादव, समयुन खान, कलेश ठाकुर, अभिषेक यादव, किशन यादव, मुशाहिद खान, सैयद नाजिश उस्मानी, शानू मेवाती, हेमा बत्तरा, मोहसिन खान, ऐना खान, अमन यादव, अभिषेक रॉय, रवि कुमार गौतम, आदित्य कश्यप, मुजाहिद खान, जावेद मलिक गद्दी, महेश यादव, अरुण यादव, मोहित प्रजापति, अनिकेत सिंह, अनुज उपाध्याय, रोहित प्रजापति, अकरम, ओमवीर यादव, हरवीर बॉबी, संगीता कौशल, धर्मेश, राशिद, केशव मिश्रा, फरान अंसारी आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply