एक दिन के लिए मुंबई बना बरेली, महाराष्ट्र के महिला बैंड ने बांधा समां
बरेली@bareillylive:बरेली। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर मराठा बुलियन एसोसिएशन एवं श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से बाबूराम धर्मशाला, शिवाजी मार्ग, नाथनगरी बरेली में आयोजित सार्वजनिक श्री गणेश महोत्सव का रविवार को भव्य शोभायात्रा और विसर्जन के साथ समापन हुआ। 14 सितंबर से चल रहे महोत्सव के अंतिम दिन गणपति बप्पा की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
संस्था के अध्यक्ष अनिल पाटिल के नेतृत्व में आलमगीरी गंज से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान श्री गणेश की करीब एक दर्जन आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने विधिवत पूजन-अर्चन और आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
महाराष्ट्र के महिला बैंड ने बांधा समां
शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण महाराष्ट्र से पहली बार बरेली पहुंचे मशहूर महिला बैंड की प्रस्तुति रही। महिला बैंड की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। माहौल ऐसा बना कि बरेली में मुंबई की झलक देखने को मिली। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
मार्ग में जगह-जगह मराठा व्यापारियों, स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर दही हांडी और मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। युवाओं की गोविंदा टीमों ने पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी और दही हांडी उत्सव मनाया।
इन प्रमुख मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा मटकी चौकी तिराहा, आलमगीरगंज, शिवाजी मार्ग, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, साहूकारा बाजार और किला बाजार होते हुए केला फाटक पहुंची। इसके बाद गणपति प्रतिमा को रामगंगा तट ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
शोभायात्रा में अविनाश पाटिल, सरजेराव पाटिल, मंगेश कदम, नानासाहेब गाड़े, विजय पाटिल, प्रमोद पाटिल, दशरथ घाडगे, दत्ता मराठा, पांडुरंग मराठा सहित तुषार गर्ग, भूपेश कुमार, पवन बाजपेई, उमंग शंखधार, राजेंद्र कश्यप, अमन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सोनू, वरुण अग्रवाल, सुशील बंसल, संजीव अग्रवाल, सुभाष गुप्ता, अरुण कुमार सिंह, आशीष पटवा, गगन मेहरोत्रा, करण शर्मा, मनोज अरोरा, मोजी और मुनीष शर्मा आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply