The Voice of Bareilly since 2010

आईएमए बरेली के अध्यक्ष बने डा. हिमांशु अग्रवाल, 260 वोट से जीत

bareillylive-आईएमए बरेली के अध्यक्ष बने डा हिमांशु अग्रवाल

डा. हिमांशु को 521 और डा. आरवी भास्कर को मिले 261 मत, 785 चिकित्सकों ने किया मतदान

बरेली@bareillylive:बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली के चुनाव में डा. हिमांशु अग्रवाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी डा. आरवी भास्कर को 260 मतों के अंतर से हराया। डा. हिमांशु को 521, जबकि डा. आरवी भास्कर को 261 वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही आईएमए परिसर ढोल-नगाड़ों की गूंज से गूंज उठा। चिकित्सकों ने विजयी प्रत्याशियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

785 चिकित्सकों ने किया मतदान

रविवार को आईएमए हॉल में सुबह मतदान शुरू हुआ। मतदान को लेकर चिकित्सकों में पूरे दिन उत्साह रहा। आईएमए के कुल 1024 सदस्यों में से 785 चिकित्सकों ने मतदान किया। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू हुई। करीब साढ़े सात बजे परिणाम घोषित किया गया।

चुनाव के दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार, बिथरी विधायक डा. राघवेंद्र शर्मा, पूर्व मेयर डा. आईएस तोमर समेत चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख चिकित्सकों ने मतदान किया।

डा. अंशु और डा. शालिनी उपाध्यक्ष निर्वाचित

उपाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। डा. अंशु अग्रवाल को 572 मत मिले, जबकि डा. शालिनी माहेश्वरी को 415 वोट प्राप्त हुए। दोनों को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। डा. वीर महेंद्र पाल सिंह गंगवार को 316 मत मिले।

छह वोट से जीते डा. राजवीर

कोषाध्यक्ष पद पर डा. राजवीर सिंह गंगवार ने 392 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने डा. कमेंद्र सिंह को छह वोटों के अंतर से पराजित किया।

आईएमए के कई पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। सचिव पद पर डा. मोहित अग्रवाल, पीआरओ पद पर डा. मयंक कुमार गुप्ता और हॉस्पिटल एडवाइजरी कमेटी के सदस्य पद पर डा. ऋतु राजीव निर्विरोध निर्वाचित हुए।

चिकित्सकों की सुरक्षा और कानूनी मदद पर रहेगा जोर

सचिव पद पर निर्विरोध चुने गए डा. मोहित अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि आईएमए में जल्द ही लीगल सेल गठित किया जाएगा। यह सेल चिकित्सकों को कानूनी मामलों में सलाह और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशे के दौरान डॉक्टरों को कई बार कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ता है। लीगल सेल ऐसे मामलों में उचित मार्गदर्शन देने के साथ समस्याओं के समाधान में सहयोग करेगा।

चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र की नई तकनीकों और उपचार की आधुनिक विधियों से अपडेट रखने के लिए समय-समय पर कांफ्रेंस और शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बरेली में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास होगा, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।

नए ब्लड बैंक की स्थापना का लक्ष्य

आईएमए के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे डा. डीपी गंगवार ने संगठन के लिए एक और ब्लड बैंक की स्थापना को प्राथमिकताओं में बताया। इसके साथ ही आईएमए की गतिविधियों को बढ़ाने और अस्पतालों के पंजीकरण व नवीनीकरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और अस्पतालों से जुड़े मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा। अस्पतालों में मारपीट और विवाद की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने चिकित्सकों और अस्पतालों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता बताई।

देर रात तक चलता रहा बधाई देने का सिलसिला

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को बधाई देने वालों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। आईएमए सचिव पद पर निर्विरोध चुने गए डा. मोहित अग्रवाल को बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के निदेशक डा. वरुण अग्रवाल ने आईएमए पहुंचकर बधाई दी। इसके बाद आईएमए परिवार से जुड़े चिकित्सक और अन्य लोग भी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे।

नई कार्यकारिणी वर्ष 2026-27 में आईएमए की गतिविधियों और चिकित्सकों से जुड़े मुद्दों पर काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!