The Voice of Bareilly since 2010

भाजपा सरकार: व्यापारियों को कंगाल करने वाली नीतियां अपना रही प्रदीप जायसवाल

bareillylive@भाजपा सरकार व्यापारियों को कंगाल करने वाली नीतियां

समाजवादी व्यापार सभा के मंडलीय सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले—मुलायम सिंह यादव ने व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज और चुंगी से दिलाई थी मुक्ति

बरेली@bareillylive:बरेली। समाजवादी व्यापार सभा के मंडलीय सम्मेलन में व्यापारियों की समस्याओं, कारोबार की मौजूदा स्थिति और सरकार की व्यापार नीतियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा गया। होटल डिप्लोमेट में समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर शर्मा और महानगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता के संयोजन में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की। मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल रहे।

प्रदीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां व्यापारियों को राहत देने के बजाय उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करने वाली साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन छोटे और मध्यम व्यापारियों को लगातार कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार महंगाई, बाजार में घटती क्रय शक्ति, ऑनलाइन कारोबार की बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जीएसटी से जुड़ी जटिलताएं, जांच-पड़ताल और बढ़ते कारोबारी खर्च जैसी समस्याएं व्यापारियों के सामने चुनौती बनी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों ने व्यापारियों के हित में कई कदम उठाए। उनके मुताबिक, मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज और चुंगी से मुक्ति मिली, जबकि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते व्यापार और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

भाजपा ने व्यापारियों से किए वादे पूरे नहीं किए: शुभलेश यादव

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि व्यापारी समाज प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सरकार की जिम्मेदारी है कि व्यापारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों की समस्याओं को लगातार उठाती रही है।

व्यापारियों के साथ धोखे की राजनीति कर रही भाजपा: शमीम खां सुल्तानी

सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों से कई वादे किए थे, लेकिन उनके अनुसार जमीनी स्तर पर व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के लिए सुविधाओं के साथ विश्वास का वातावरण चाहिए और समाजवादी पार्टी उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाती रहेगी।

व्यापार मजबूत होगा तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे: प्रवीण सिंह ऐरन

पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने कहा कि व्यापार मजबूत होगा तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को आर्थिक विकास के नजरिए से देखने की जरूरत है। उनके अनुसार समाजवादी सरकार के कार्यकाल में व्यापारियों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए थे।

व्यापारियों के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझें पदाधिकारी: डॉ. अजय चौरसिया

लखनऊ से आए सपा प्रदेश सचिव और पीडीए पंचांग के जनक डॉ. अजय चौरसिया ने कहा कि व्यापार सभा के पदाधिकारियों को व्यापारियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और कॉरिडोर के नाम पर दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को प्रभावित किए जाने से व्यापारियों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। उन्होंने संगठन से परेशान व्यापारियों को अपने साथ जोड़ने का आह्वान किया।

व्यापारी कमजोर हुआ तो देश की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित होगी: सुप्रिया ऐरन

पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि व्यापारी देश और समाज की रीढ़ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने व्यापारी वर्ग के हितों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा। उन्होंने व्यापारियों से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।

तरह-तरह के टैक्स से व्यापारियों पर दबाव: राजेश अग्रवाल

शहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी वर्ग ने हमेशा देश और समाज के हित में योगदान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में तरह-तरह के टैक्स और कथित उत्पीड़न के कारण व्यापारियों पर दबाव बढ़ा है।

व्यापारियों के हितों की रक्षा का किया आह्वान

डॉ. अनीस बेग ने भाजपा सरकार पर व्यापारियों के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों की समस्याओं पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए काम किया जाएगा।

प्रतीक चिन्ह और माला पहनाकर किया स्वागत

सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदीप जायसवाल का व्यापार सभा जिलाध्यक्ष सुधीर शर्मा और महानगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने प्रतीक चिन्ह भेंट कर एवं बड़ी फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी सहित अन्य प्रमुख नेताओं का शाल ओढ़ाकर और पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया। व्यापारी दीपा गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल को उनका चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन सपा महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। सम्मेलन में समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारी, विभिन्न बाजारों के व्यापारी, सपा नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वक्ताओं ने व्यापारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, व्यापार सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, लखनऊ व्यापार सभा अध्यक्ष संजय यादव, महानगर उपाध्यक्ष दिनेश यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, पीयूष लोधी, राजेश मौर्या, अनुज गंगवार, सिंपल कन्नौजिया, मोहित सक्सेना, मयंक शुक्ला, खालिद राणा, ब्रजेश श्रीवास्तव, नाजिम कुरैशी, दीपक वाल्मीकि, अहमद टीटू, इश्तियाक सकलेनी, रोहित राजपूत, महेन्द्र बिक्रम, परवेज यार खान, अभिषेक गुप्ता, स्मिता यादव, गजल अंसारी, हुरिया रहमान, मनीषा सक्सेना, दीपा जेम्स, इंद्रा टंडन, दीपा गुप्ता, असलम खान, प्रमोद अग्रवाल, प्रवीण गोयल, पार्षद मो. आरिफ कुरैशी, हाजी शरीफ खां, संजय वर्मा, हृदेश गुप्ता, दर्शन पाल गंगवार, अमन गुप्ता, हरवीर सिंह, नवीन अग्रवाल, राजा अंसारी, अफसान खान, डॉ. चांद, शादाब खान, आयुष अग्रवाल, जोगेंद्र पटेल, संतोष मौर्या, व्यापारी नेता गौहर अली, फुरकान शमशी, राहुल रस्तोगी, सतीश भसीन, मो. नासिर अली, सय्यद अखलाक अली, आकाश यादव, संजय गुप्ता, धीरज दीक्षित, अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!