बरेली@bareillylive:बरेली। थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव सिधौली निवासी 40 वर्षीय रेलवे मजदूर यशपाल पुत्र शिवकुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यशपाल हरियाणा के पलवल जिले में रेलवे के टीएसएस निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। परिजनों ने उसकी मौत को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक, यशपाल पिछले करीब दो वर्षों से रेलवे ठेकेदार गुलाबराय के पास मजदूरी कर रहा था। रक्षाबंधन पर वह घर आया था और दो दिन बाद वापस काम पर चला गया। वर्तमान में वह हरियाणा के पलवल जिले के होडल कस्बे के पास रेलवे के टीएसएस निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।
बताया गया कि 14 सितंबर को करीब 11 बजे यशपाल गार्ड कमल के साथ मोटरसाइकिल से कंपनी के काम से गया था। कुछ देर बाद कमल ने परिजनों को फोन कर बताया कि कार से दुर्घटना हो गई है और यशपाल घायल हो गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग हरियाणा पहुंच गए।
परिजनों का कहना है कि यशपाल के शरीर पर गंभीर चोटें थीं, जबकि उसके साथ मौजूद कमल को कोई चोट नहीं आई थी। इसी आधार पर परिवार ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए यशपाल की मौत को संदिग्ध बताया और हत्या की आशंका जताई।
परिजनों ने घायल यशपाल को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर रात में उसे अस्पताल से छुट्टी कराकर परिवार के लोग बरेली ला रहे थे। रास्ते में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे बरेली जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यशपाल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गीता देवी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।






Leave a Reply