The Voice of Bareilly since 2010

कैंट विधायक ने गाया राष्ट्रीय गीत, विद्यार्थियों में जगाया देशभक्ति का जज्बा

BareillyLive : कुंवर ब्रजमोहन लाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर नेकपुर में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा नमामि भारतम् अभियान के तहत वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कैंट विधानसभा विधायक एवं प्रदेश सहकोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद स्कूल से छात्र-छात्राओं के साथ वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। सामूहिक गायन से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।

कैंट विधायक एवं प्रदेश सहकोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय का पूरा जीवन देश और समाज की सेवा में समर्पित रहा। आज उनकी 110वीं जयंती पर संकल्प लें कि हम सभी देश और समाज कल्याण का कार्य करते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हमें पर्यावरण और प्रकृति को पूरा सम्मान देना होगा। प्रकृति की सुरक्षा करके ही मानव समाज कल्याण संभव हो सकता है।

नमामि भारतम् की सराहना करते हुए कैंट विधानसभा विधायक एवं प्रदेश सहकोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने कहा कि वन्दे मातरम् देश की स्वतंत्रता और हमारी सांस्कृतिक पहचान है। इस गीत की एक-एक पंक्ति हमें अपनी मातृभूमि के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देती है।

राजकीय महिला महाविद्यालय बदायूं प्राचार्या संध्या सक्सेना ने कहा कि 150 वर्ष पूर्व कवि वंकिम चन्द्र चटर्जी ने वन्दे मातरम् गीत के माध्यम से भारतीय जनता को देशभक्ति और सनातन संस्कृति का मंत्र दिया। बाद में इसे आनन्दमठ मे शामिल किया गया। प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है कि इसका सम्मान करे। इससे पहले स्कूल व्यवस्थापक डाॅ. राजीव सक्सेना ने मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और राजकीय महिला काॅलेज बदायूं की प्राचार्य डाॅ. संध्या सक्सेना का अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिह्न प्रदान करके स्वागत किया। स्कूल प्रधानाचार्य ओमकार गंगवार ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रांतीय परिषद सदस्य शिशुपाल कठेरिया, निर्वतमान उपाध्यक्ष अरुण कश्यप, महानगर उपाध्यक्ष अमरीश कठेरिया, महानगर मंत्री मंजीत नागपाल, मढ़ीनाथ मंडल अध्यक्ष सुधीर भटनागर सहित, शिक्षक और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!