The Voice of Bareilly since 2010

शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा बूथ प्रभारियों की बैठक, एकजुट होकर चुनाव लड़ने पर जोर

Bareillylive: समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिक्षक एमएलसी चुनाव के जिला बूथ प्रभारियों की बैठक शिक्षक एमएलसी चुनाव कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी बूथ प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान चुनाव प्रभारी शिव प्रताप यादव, संजीव कुमार सक्सेना और ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने बूथवार मतदाता सूचियां प्रभारियों को उपलब्ध कराईं। जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक साथी भाजपा को हराने का मन बना चुके हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाना चाहिए।

चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि संघर्ष का बिगुल बज चुका है। अब समाजवादी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में पूरी मेहनत और लगन के साथ चुनावी संघर्ष की रणभूमि में उतरना होगा। ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने कार्यकर्ताओं से शिक्षक मतदाताओं के साथ संपर्क तेज करने और घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील करने का आह्वान किया।

प्रभारी शिव प्रताप यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे। कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा समाजवादी पार्टी की जीत का आधार बन रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी प्रयासों को और तेज करने की अपील की। बैठक में हैदर अली, मझगांव प्रभारी जीराज यादव, आलमपुर जाफराबाद प्रभारी जुल्फिकार बिट्टू, आदेश यादव, रामनगर प्रभारी अरविंद यादव, मीरगंज प्रभारी मनोहर पटेल, सतेंद्र यादव, बहेड़ी विधानसभा प्रभारी नासिर रजा और चौधरी बिजेंद्र सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!