BareillyLive: भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के आह्वान पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के सभी जिलों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में बरेली में उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवैधानिक मर्यादाओं को लेकर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर देश के सामने स्पष्ट जवाब रखने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि निर्वाचन व्यवस्था लोकतंत्र की आधारशिला है और नागरिकों का विश्वास चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा पारदर्शिता पर निर्भर करता है।
प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने कहा कि यदि निर्वाचन आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया, मतदाता सूची और चुनावी सॉफ्टवेयर से जुड़े विषयों पर गंभीर आपत्तियां सामने आती हैं, तो उनका स्पष्ट और सार्वजनिक उत्तर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल में सामने आई रिपोर्टों में निर्वाचन आयोग के दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा विभिन्न निर्णयों पर कई अवसरों पर आपत्ति दर्ज किए जाने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि ये आपत्तियां मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने, फॉर्म-6 में बदलाव तथा चुनावी रोल से जुड़ी व्यवस्थाओं सहित कई विषयों से संबंधित बताई जा रही हैं। शुक्ला ने कहा कि युवा कांग्रेस का विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाताओं के विश्वास से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने मांग की कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी तकनीकी और प्रशासनिक निर्णयों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए। साथ ही, मतदाता सूची, चुनावी रिकॉर्ड और सॉफ्टवेयर से संबंधित उठे सवालों की जांच कर उसके निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए इस मामले में आवश्यक कदम उठाएं।
पारस शुक्ला ने कहा कि युवा कांग्रेस मतदाता के अधिकार और वोट की विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी। जब तक चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अयान खान, अफसार खान, कादिर, नदीम सिद्दीक़ी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताबिश हसन, अवनीश चौबे, शिवांश शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Leave a Reply