The Voice of Bareilly since 2010

28 से 30 सितंबर की बैंक हड़ताल के समर्थन में बरेली में होगा जोरदार प्रदर्शन

bareillylive@28 से 30 सितंबर की बैंक हड़ताल के समर्थन में बरेली में होगा जोरदार प्रदर्शन

bareillylive@बरेली। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में बरेली में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान वित्त मंत्री और इंडियन बैंक एसोसिएशन के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी।

फोरम के संयोजक नवींद्र कुमार ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि तीन दिवसीय हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए पूरी एकजुटता के साथ भागीदारी करें।

फोरम की महिला संयोजिका रश्मि शर्मा ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) में व्याप्त विसंगतियों को दूर करना, बैंकों में पर्याप्त भर्ती, पेंशन अपडेशन तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करना शामिल है। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की।

प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए बरेली ट्रेड यूनियन के जिला मंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि बैंकों में दिए जा रहे पीएलआई में काफी विसंगतियां हैं। उन्होंने मांग की कि या तो पीएलआई व्यवस्था में सुधार किया जाए या सभी कर्मचारियों को समान रूप से पीएलआई का लाभ दिया जाए।

वक्ताओं ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में कर्मचारियों पर लगातार बढ़ रहे कार्यभार, पर्याप्त भर्ती की कमी और लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार तथा इंडियन बैंक एसोसिएशन को गंभीरता से वार्ता करनी चाहिए।

प्रदर्शन सभा में बी.डी. सिंह, अश्वनी आर्य, आशीष शुक्ला, विकास कुमार, अमित कुमार, शैलेंद्र कश्यप, मुनीश बाबू, अविनाश, चरण सिंह यादव, महेंद्र यादव, भूपेंद्र कुमार, मनोज कुमार, अरुण कुमार, अनुज शुक्ला और पूजा जोशी सहित अन्य बैंक एवं ट्रेड यूनियन नेता शामिल होंगे।

सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने आगामी 28, 29 एवं 30 सितंबर की बैंक हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!