The Voice of Bareilly since 2010

किसानों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दे सरकार : दिनेश दद्दा

bareillylive@किसानों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दे सरकार

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुनरापुर और कंथरिया गांव पहुंचकर लिया फसलों के नुकसान का जायजा

बरेली@bareillylive:बरेली। लगातार हुई बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट के नेतृत्व में पुनरापुर और कंथरिया गांव पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और खेतों में जाकर बारिश एवं जलभराव से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।

इस दौरान किसानों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को अपनी आर्थिक परेशानियों और फसल बर्बाद होने से उत्पन्न संकट की जानकारी दी। किसानों का कहना था कि बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे न केवल मौजूदा फसल को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है, बल्कि आगामी फसल की तैयारी को लेकर भी किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है।

महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि बारिश से किसानों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि प्रभावित किसानों की फसलों का निष्पक्ष आकलन कराकर नुकसान के आधार पर शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके।

कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार किसानों के हितैषी होने का दावा करती है। अब समय आ गया है कि सरकार अपने दावे को जमीन पर साबित करे। बारिश और जलभराव से जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उनका निष्पक्ष सर्वे कराकर उन्हें पर्याप्त मुआवजा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल राहत की जरूरत है। यदि सरकार ने किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी होकर जनआंदोलन करेगी और सरकार के समक्ष उनकी आवाज मजबूती से उठाएगी।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट, किसान नेता डॉ. हरीश गंगवार, सुरेश दिवाकर, उल्फत सिंह कठेरिया, तीरथ मधुकर समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!