The Voice of Bareilly since 2010

स्वच्छता ही सेवा अभियान: कासगंज जंक्शन पर नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश

bareillylive@स्वच्छता ही सेवा अभियान कासगंज जंक्शन

Bareillylive : ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत इज्जतनगर रेल मण्डल द्वारा कासगंज जंक्शन पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मण्डल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के निर्देशन और ई.एन.एच.एम. विभाग के सौजन्य से इस कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों और आम जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बरेली की प्रसिद्ध ‘नव ज्योति नृत्य नाट्य संस्था’ द्वारा प्रस्तुत एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहा। संस्था के कलाकारों प्रशान्त सक्सेना, गोपाल श्रीवास्तव, दीपक चौधरी, अतुल मौर्या, मोहित कुमार, भोलानाथ सिंह और बबलू ने अपने अभिनय के माध्यम से गंदगी से होने वाली समस्याओं को सरल और मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत किया।

कलाकारों ने दिखाया कि कैसे ट्रेनों या स्टेशनों पर कचरा फेंकना, प्लास्टिक का अंधाधुंध उपयोग और खुले में थूकना जैसी छोटी लापरवाहियां बड़े रोगों और प्रदूषण को आमंत्रित करती हैं। नाटक के संवादों और गीतों ने मौजूद यात्रियों को स्वच्छता की शपथ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने सभी रेल कर्मचारियों और यात्रियों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम में कासगंज स्टेशन अधीक्षक श्री महाराज सिंह, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार और कार्यालय अधीक्षक श्री गिरीश पाल सिंह मौजूद रहे और उन्होंने व्यवस्थाएं संभालीं।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस तरह के अभियानों से यात्रियों की सोच में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। कार्यक्रम के समापन पर संस्था निर्देशिका हरजीत कौर, संचालक रवि प्रकाश सक्सेना, कलाकारों और उपस्थित जनमानस ने रेलवे परिसर व अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने और ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ का त्याग करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!