Asian Games 2026 Hockey Gold Medal: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने मलेशिया को 5-1 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में पुरुष हॉकी का अपना पांचवां स्वर्ण पदक जीता है।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर के साथ हुई। पहले 15 मिनट में भारत और मलेशिया ने एक-दूसरे पर दबाव बनाए रखा और पहला क्वार्टर 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया और मलेशिया को वापसी का मौका नहीं दिया।
भारत के लिए शिलानंद लाकड़ा ने फील्ड गोल किया। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल दागे। जुगराज सिंह ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, जबकि हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर भारत की बढ़त मजबूत कर दी।
मलेशिया की ओर से शेलो सिल्वेरियस ने एकमात्र गोल किया। भारतीय टीम ने मुकाबले के दौरान मलेशिया पर लगातार दबाव बनाए रखा और कुल 14 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। दूसरे हाफ में भारत ने शानदार रक्षात्मक और आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया।
लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड
इस जीत के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। भारत के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि महिला हॉकी टीम के बाद पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय हॉकी के लिए यादगार उपलब्धि हासिल की है।
ओलंपिक 2028 का टिकट भी पक्का
एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। यानी एशियन गेम्स का यह स्वर्ण पदक भारत के लिए दोहरी खुशी लेकर आया है।
इस जीत के बाद भारत के एशियन गेम्स 2026 में 21 गोल्ड मेडल हो गए हैं और टीम इंडिया मेडल टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।










Leave a Reply