The Voice of Bareilly since 2010

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बाल कार्य विभाग की पहल पर निकली भव्य साइकिल मैराथन

Bareillylive : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बाल कार्य विभाग के तत्वावधान में शहर में एक भव्य साइकिल मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित करना था।

पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार साइकिल मैराथन तीन स्थानों—पटेल चौक, आदिनाथ चौक और अलखनाथ मंदिर—से प्रारंभ हुई। तीनों मार्गों से निकले छात्र एवं युवा पहले त्रिवेदी नाथ मंदिर पर पहुंचे, जहां तीनों समूह एकत्र हुए। इसके बाद सभी प्रतिभागी सूद धर्मकांटा, सलेक्शन पॉइंट, छत्रपति शिवाजी चौक तथा मनोहर भूषण इंटर कॉलेज होते हुए कांति कपूर कन्या इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां साइकिल मैराथन का समापन हुआ।

मैराथन के दौरान प्रतिभागियों का जोश देखते ही बनता था। छात्रों और युवाओं ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ पूरे मार्ग को पूरा किया। मार्ग के दोनों ओर उपस्थित लोगों ने प्रतिभागियों को तालियों से प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर बाल कार्य प्रमुख रितिक जी ने कहा कि आज के बालक ही कल राष्ट्र का भविष्य तय करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित होना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा सामूहिक भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को बधाई दी गई। आयोजन में बाल कार्य विभाग के कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया। सभी ने इस तरह के आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!