The Voice of Bareilly since 2010

दिल्ली में कांग्रेस के विरोध मार्च में शामिल होंगे बरेली के महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा

राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी, निर्वाचन आयोग की जवाबदेही और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर 12 अक्टूबर को होगा प्रदर्शन

बरेली@bareillylive:बरेली, 11 अक्टूबर। लोकतंत्र की रक्षा और भारत निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कांग्रेस की ओर से सोमवार, 12 अक्टूबर को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बरेली महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं।

महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के सांसद जब निर्वाचन आयोग से जवाब मांगने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे, तब उन्हें रोका गया और बल प्रयोग किया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन मार्च आयोजित किया जा रहा है।

दिनेश दद्दा ने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से एलआईयू और पुलिस कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोकने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद पुलिस उनके घर के चक्कर लगा रही थी। ऐसे में उन्हें और उनके साथियों को दूसरी जगह शरण लेनी पड़ी, लेकिन वे हर हाल में दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होना चाहते थे।

उन्होंने बरेली के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी 12 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही के मुद्दे पर कांग्रेस अपना विरोध दर्ज कराएगी।

ये पदाधिकारी पहुंचे दिल्ली

दिल्ली पहुंचने वालों में डॉ. हरीश गंगवार, कृष्णकांत शर्मा, जीशान अफरीदी, राजा राम साहू, रेहान वशीरी, रविंद्र सिंह, जहीरुद्दीन मुन्ना, मुजम्मिल खान, गुड्डू खान, आशीष साहू, जमाल अंसारी, नफीस अंसारी, हरीश भारती, वंश उपाध्याय, कुणाल गुप्ता, आयरन कश्यप, मनदीप सिंह और सुरेश दिवाकर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!