बरेली@bareillylive:बरेली। मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के तत्वावधान में विश्व जागृति मिशन की ओर से आयोजित चार दिवसीय सत्संग के अंतिम दिन सायंकालीन सत्र में परम पूज्य सुधांशु जी महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और पारिवारिक संस्कारों का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि माता-पिता ईश्वर का साक्षात स्वरूप हैं। उनका सम्मान करना और उनसे आशीर्वाद लेना जीवन में सुख, शांति और सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।
सुधांशु जी महाराज ने कहा कि बच्चों को कभी भी माता-पिता का अपमान नहीं करना चाहिए, क्योंकि माता-पिता का अनादर ईश्वर के प्रति अनादर के समान है। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन माता-पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लेना चाहिए। जिन परिवारों में माता-पिता प्रसन्न रहते हैं, वहां सकारात्मकता और सुख-समृद्धि का वातावरण बना रहता है।
गीता का ज्ञान मनुष्य को दिखाता है सत्य का मार्ग
श्रीमद्भगवद्गीता के सातवें अध्याय की व्याख्या करते हुए महाराज श्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को परम ज्ञान का महत्व बताते हैं। हजारों मनुष्यों में कोई विरला ही सिद्धि प्राप्त करने का प्रयास करता है और सिद्ध पुरुषों में भी कोई एक भगवान को वास्तविक स्वरूप में जान पाता है।
उन्होंने बताया कि भगवान की भक्ति करने वाले चार प्रकार के लोग होते हैं—आर्त, जिज्ञासु, अर्थार्थी और ज्ञानी। इनमें ज्ञानी भगवान को अत्यंत प्रिय होता है, क्योंकि वह परमात्मा के वास्तविक महत्व को समझता है। महाराज ने श्रद्धालुओं से भगवान का ध्यान, पूजा और आराधना करते हुए जीवन में आध्यात्मिक ज्ञान अपनाने का आह्वान किया।
जीवन में कई रूपों में आती है मृत्यु
महाराज श्री ने जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मृत्यु केवल शारीरिक नहीं होती। आर्थिक स्थिति का नष्ट होना, सामाजिक प्रतिष्ठा खोना और व्यक्ति के गुणों का समाप्त हो जाना भी जीवन को गहरे संकट में डाल सकता है। संतान से मिलने वाला दुख भी माता-पिता के लिए अत्यंत पीड़ादायक होता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को महामृत्युंजय मंत्र और मृतसंजीवनी मंत्र के जाप की महत्ता बताई। साथ ही महादेव और माता काली की आराधना करने का संदेश दिया, ताकि जीवन में आध्यात्मिक शक्ति और ईश्वरीय कृपा का अनुभव किया जा सके।
नवरात्र में होगी मां शक्ति की आराधना
आगामी नवरात्र का उल्लेख करते हुए सुधांशु जी महाराज ने कहा कि नवरात्र जगत जननी मां शक्ति की उपासना का पावन अवसर है। देवी शक्ति की साधना मनुष्य को सांसारिक जीवन में संतुलन प्रदान करने के साथ आध्यात्मिक उन्नति और मोक्ष की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नवरात्र में श्रद्धा, भक्ति और साधना के साथ मां की आराधना करने का आह्वान किया।
श्रद्धालुओं ने किया महाराज का स्वागत
कार्यक्रम में श्री एवं श्रीमती अनिल अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अनिल कुमार श्रीवास्तव, गोविंद तनेजा, अंकुर गोयल, शुभम सिंह और अशोक मौर्य सहित अन्य लोगों ने सुधांशु जी महाराज का स्वागत किया।
इस अवसर पर बरेली मंडल के प्रधान देवेंद्र खंडेलवाल, महामंत्री पवन अरोड़ा, संजय गर्ग, संदीप मेहरा, सुशील दीक्षित, अनूप अग्रवाल, डॉ. जितेंद्र शर्मा, देवेंद्र सक्सेना, सुनील दीक्षित, रवि पांडे, श्रीकांत, बेचेलाल शर्मा, गिरीश चंद्र अरोड़ा, प्रमोद कुमार सक्सेना, अभय भटनागर, गीता जोशी, अनुराधा खंडेलवाल, करण सिंह, ललित तनेजा, रेनू, श्रीमती कंचन अग्रवाल, सुमन गुप्ता, मधु खंडेलवाल, मधु सक्सेना, प्रियंका मौर्य, सुमन सक्सेना, सीमा, श्रुति सक्सेना और उर्मिला कनौजिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।





Leave a Reply