बरेली क्लब मेला ग्राउंड में तीन दिवसीय आयोजन; सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, बॉलीवुड गायकों की प्रस्तुतियां, भव्य आतिशबाजी और किड्स जोन रहेंगे आकर्षण का केंद्र
बरेली, उत्तर प्रदेश। रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से शहर में 40वें विराट दशहरा मेले का आयोजन 23, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को बरेली क्लब मेला ग्राउंड में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं, मनोरंजक गतिविधियों, विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल और भव्य आतिशबाजी के साथ लंका दहन एवं रावण दहन मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजकों के अनुसार, 25 अक्टूबर को रात 10:30 बजे कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा।
रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से आयोजित यह मेला पिछले 39 वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। क्लब पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता में मेले के कार्यक्रमों और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।
23 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस और ‘डांस बरेली डांस’ प्रतियोगिता
मेला निदेशक अंकुर बंसल ने बताया कि मेले के पहले दिन 23 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और ‘डांस बरेली डांस’ सोलो परफॉर्मेंस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मुंबई से आईं गायिका प्रेरणा रावत और ए वी डांस ग्रुप अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
24 अक्टूबर को भारती गुप्ता की प्रस्तुति और लंका दहन
मेले के दूसरे दिन 24 अक्टूबर को ‘वॉइस ऑफ बरेली’ गायन प्रतियोगिता और ‘डांस बरेली डांस’ ग्रुप कंपटीशन का आयोजन होगा। इंडियन आइडल फेम गायिका भारती गुप्ता अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगी। इसी दिन लंका दहन भी किया जाएगा।
इसके अलावा, क्लब की ओर से दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार और आजीविका के लिए आत्मनिर्भर बनने में सहायता प्रदान करना है।
25 अक्टूबर को मेला क्वीन प्रतियोगिता और रावण दहन
मेले के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को बेस्ट कपल प्रतियोगिता और बरेली की प्रतिष्ठित ‘मेला क्वीन’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस दिन रहनुमा बैंड अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति देगा।
आयोजकों के मुताबिक, रात 10:30 बजे कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। तीनों दिन दर्शकों के लिए विशेष आतिशबाजी की व्यवस्था रहेगी। इस बार आकाशीय आतिशबाजी का विशेष मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र होगा। आतिशबाजी के दौरान बाबा नीम करोली के दर्शन कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क कृत्रिम हाथ लगाने का कैंप
रोटरी क्लब बरेली साउथ मेले के माध्यम से मनोरंजन के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों को भी बढ़ावा देगा। पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. रवि मेहरा ने बताया कि इस बार क्लब की ओर से एलएन-4 प्रोस्थेटिक हाथ लगाने के लिए निशुल्क कैंप आयोजित किया जाएगा। दुर्घटना या अन्य कारणों से हाथ गंवा चुके लोगों को कृत्रिम हाथ निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
क्लब के चार्टर अध्यक्ष डॉ. आई.एस. तोमर ने बताया कि मेले से प्राप्त आय का उपयोग दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों की सेवा में किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी पब्लिक स्कूल भी संचालित किया जा रहा है।
खानपान के स्टॉल, इलेक्ट्रॉनिक झूले और किड्स जोन
मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उत्पादों और खानपान के स्टॉल लगाए जाएंगे। मेला कोषाध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल के अनुसार, राजस्थानी, चाइनीज, साउथ इंडियन और उत्तर भारतीय व्यंजनों के साथ आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष किड्स जोन तैयार किया जा रहा है, जिसमें नए इलेक्ट्रॉनिक झूले लगाए जाएंगे। सह मेला निदेशक नयन अग्रवाल ने बताया कि मेले में बड़े आकार की 12 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि दर्शक मेला परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।
टिकट और अतिथि पास के साथ मिलेगा लकी ड्रॉ कूपन
रोटरी कम्युनिटी सर्विस सोसायटी के अध्यक्ष अनुपम कपूर ने बताया कि मेले के टिकट और अतिथि पास के साथ लकी ड्रॉ कूपन भी दिए जाएंगे। दर्शक अपने कूपन स्टॉल नंबर 2-3 पर जमा कर आकर्षक उपहार जीतने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
क्लब सचिव शिशिर पांडे ने बताया कि मेले के तीनों दिन शानदार आतिशबाजी की जाएगी। आयोजकों ने बरेलीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
पत्रकार वार्ता में क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल, संदीप मेहरा, दिनेश चंद खंडेलवाल, अनुराग गोयल, राकेश धीरवानी, संजय अग्रवाल, अनुपम कपूर, अजय जसोरिया, प्रदीप मधवार, ध्रुव तिलक और हिमांशु कौशिक सहित क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे।









Leave a Reply