The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में जनगणना की तैयारियों की समीक्षा, सभी कार्मिकों का 100% प्रशिक्षण अनिवार्य: डीएम अविनाश सिंह

bareilly-census-review-meeting-dm-avinash-singh-training-self-enumeration

जनगणना के दौरान नहीं मांगी जाएगी दस्तावेजों की प्रति, स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश

बरेली, 15 अक्टूबर। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को नगर निगम स्थित सभागार में जनगणना संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना की तैयारियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में लगे सभी कार्मिकों का शत-प्रतिशत प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए।

सभी जनगणना कर्मियों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण अनिवार्य

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगाए गए सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। प्रशिक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्मिकों को प्रशिक्षण देने वाले ट्रेनरों और मास्टर ट्रेनरों का भी समुचित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें जनगणना की सभी प्रक्रियाओं और दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी हो।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी मास्टर ट्रेनरों के पास जनगणना संबंधी बुकलेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे, जिससे प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को सही और विस्तृत जानकारी दी जा सके।

जनगणना के दौरान नहीं मांगी जाएगी दस्तावेजों की प्रति

बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनगणना प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। व्यक्ति द्वारा दिए गए उत्तरों को ही दर्ज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से किसी दस्तावेज अथवा अभिलेख की प्रति नहीं मांगी जाएगी।

स्वगणना के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वगणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसकी प्रक्रिया को समझकर इसमें सहभागिता कर सकें। जनगणना की सफलता के लिए लोगों तक सही और स्पष्ट जानकारी पहुंचाना आवश्यक है।

स्वास्थ्य संबंधी मामलों में मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर मिलेगी छूट

जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में लगाए गए कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे ड्यूटी से मुक्त होने के लिए अनावश्यक प्रयास न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य संबंधी मामलों में ड्यूटी से मुक्त किए जाने की प्रक्रिया नियमानुसार, पूर्व निर्धारित समिति द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर ही पूरी की जाएगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!