इज्जतनगर रेल मंडल में सतर्कता

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आयोजित सेमिनार में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी से दायित्व निभाने का संदेश

बरेली@BareillyLive:बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत गुरुवार को मंडल कार्यालय के सभागार में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर सतर्कता सेमिनार आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे की कार्यप्रणाली को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया। सेमिनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित सभी शाखाधिकारी और रेलकर्मी उपस्थित रहे।

भ्रष्टाचार की रोकथाम के साथ पारदर्शिता भी जरूरी : डीआरएम

सेमिनार को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि सतर्कता का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना नहीं, बल्कि रेलवे की कार्यप्रणाली में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता को मजबूत करना भी है।

उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप निविदा और संविदा संबंधी कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

डीआरएम ने कहा कि रेलवे की कार्यकुशलता बढ़ाने और आमजन का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति सामूहिक जिम्मेदारी : मनोज कुमार

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति का निर्माण किसी एक अधिकारी या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी रेलकर्मियों का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही कहा कि निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के अलावा किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति सजग रहना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक रेलकर्मी को अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 139

सेमिनार में जानकारी दी गई कि रेलवे में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 26 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति सजग रहने का संदेश दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!