प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और गुजरात की भव्य राष्ट्रीय एकता परेड का हुआ लाइव प्रसारण, स्कूली बच्चों ने भी उत्साह से लिया हिस्सा
बरेली@bareillylive:बरेली देवरनियां। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देवरनियां कोतवाली परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी स्क्रीन पर गुजरात में आयोजित भव्य राष्ट्रीय एकता परेड और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, संभ्रांत नागरिकों, पुलिसकर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश की एकता और अखंडता को भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए इसे बनाए रखने का आह्वान किया। गुजरात में आयोजित भव्य परेड की झलकियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी संतोष कुमार सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक अचल कुमार, एसएसआई विपिन कुमार तोमर, एसआई मुकेश कुमार, मनोज कुमार, ताजवर, पुष्पेंद्र कुमार शर्मा तथा महिला एसआई छाया सागर सहित कोतवाली का पुलिस बल उपस्थित रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और पत्रकारों ने भी सहभागिता की। इनमें हरीश कुमार गंगवार, सोहन लाल गंगवार, इकरार अहमद, नरेश कुमार गंगवार, देवेश कुमार गंगवार, राजेंद्र कुमार, कमलजीत सिंह और नरेश मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन और परेड का लाइव प्रसारण ध्यानपूर्वक देखा और सुना।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित पुलिसकर्मियों, नागरिकों और अन्य प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। सभी ने देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया। आयोजन में स्कूली बच्चों का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला।
फोटो कैप्शन: देवरनियां कोतवाली परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखते पुलिसकर्मी, नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि।

Leave a Reply